Congress district presidents : रायपुर। दिल्ली रवाना होने से पहले कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी **सचिन पायलट** ने रायपुर एयरपोर्ट पर SIR (विशेष पुनरीक्षण) को लेकर सरकार और निर्वाचन आयोग पर गंभीर सवाल उठाए। पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जहां-जहां SIR का काम चल रहा है, वहां कांग्रेस मजबूती से अपना पक्ष रखेगी। पायलट ने कहा कि हर व्यक्ति को वोट का अधिकार मिलना चाहिए, लेकिन वर्तमान प्रक्रिया पर कई संदेह पैदा हो रहे हैं। उन्होंने पूछा—“इतनी हड़बड़ी क्यों? अभी कोई चुनाव भी नहीं है।”
पायलट ने आरोप लगाया कि इस बार BLO पर अत्यधिक दबाव बनाया जा रहा है, जिससे आत्महत्या जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी SIR होते रहे हैं, लेकिन इस बार निर्वाचन आयोग की भूमिका संदेहास्पद दिख रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एक विधायक, जो तीन बार चुनाव जीत चुके हैं, उनका नाम उनके क्षेत्र से काटकर किसी अन्य जगह दर्ज कर दिया गया है। पायलट ने कहा कि SIR के लिए 4 दिसंबर तक का समय पर्याप्त नहीं है, इसलिए इसे बढ़ाने के लिए कांग्रेस ने आयोग से मांग की है।
Congress district presidents : कांग्रेस में लंबित जिलाध्यक्षों की नियुक्ति पर सचिन पायलट ने कहा कि घोषणा जल्द की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी निर्णय ले लिए गए हैं और जिसे भी जिम्मेदारी दी जाएगी उससे संगठन मजबूत करने की अपेक्षा रहेगी। पायलट ने साफ कहा कि यदि कोई जिला अध्यक्ष अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा पाएगा तो उसे बदल भी दिया जाएगा।
धमतरी और केशकाल में कार्यकर्ताओं की नाराजगी और विवादों पर पायलट ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी एक परिवार की तरह है, जहां हर किसी की उम्मीदें होती हैं, लेकिन सभी की उम्मीदें पूरी नहीं हो सकतीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनता दोनों को पार्टी से बहुत अपेक्षाएं हैं, जिसे जिम्मेदारी से पूरा किया जाएगा।
Congress district presidents : डीजी कॉन्फ्रेंस को लेकर भी पायलट ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बैठक होना अच्छी बात है, लेकिन लॉ एंड ऑर्डर की जिम्मेदारी कौन लेगा? दिल्ली और कश्मीर में हुए आतंकवादी हमलों का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल किया कि आतंकवादी कैसे सीमा पार कर देश में प्रवेश कर रहे हैं। साथ ही रायपुर और आसपास बढ़ रही आपराधिक घटनाओं—लूट, चोरी और चाकूबाजी—पर भी चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि इन सबका जवाब सरकार और जिम्मेदार अधिकारियों को देना चाहिए।











