CG NEWS : ग्राम बोडरा में महिला जागरूकता एवं सशक्तिकरण कार्यक्रम संपन्न, शिक्षा के बिना जीवन आधारहीन’ : समाज सेविका डॉ. एकता लगेह

Sanjay Sahu
CG NEWS

CG NEWS : राजेन्द्र सिन्हा / महासमुंद : ग्राम पंचायत बोडरा में महिलाओं के उत्थान, अधिकार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जागरूकता को केंद्र में रखते हुए मंगलवार को महिला जागरूकता एवं सशक्तिकरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएँ, किशोरी बालिकाएँ, ग्रामवासी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि डॉ. एकता लगेह ने दी प्रेरक सीख

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाज सेविका डॉ. एकता लगेह ने अपने उद्बोधन में शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि
“शिक्षा के बिना मानव जीवन पूर्णत: आधारहीन हो जाता है। शिक्षा ही वह प्रकाश है जो अज्ञानता के अंधकार को दूर कर, व्यक्ति को आत्मविश्वास, पहचान और आगे बढ़ने की क्षमता प्रदान करती है।”

उन्होंने कहा कि आज भी कई गाँवों में रूढ़िवादी परंपराओं के कारण लड़कियों को आठवीं या दसवीं तक ही पढ़ाई सीमित कर दी जाती है, जिससे बेटियों की प्रतिभा दब जाती है। उन्होंने माताओं और ग्रामीणों से विशेष आग्रह किया कि “लड़का और लड़की दोनों को समान अवसर दें, क्योंकि शिक्षित महिला ही परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों को सशक्त बनाती है।”

विशेष अतिथियों ने बताया—शासन की योजनाओं का उठाएँ लाभ

कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच श्रीमती नूतन नायक ने की, जिन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की आवश्यकता पर जोर दिया।

जनपद अध्यक्ष श्रीमती दिशा रामस्वरूप दीवान, जो विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थीं, ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के विकास, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से इन योजनाओं का लाभ लेने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

जिला पंचायत सदस्य श्रीमती देवकी प्रकाश पटेल ने भी अपने उद्गार व्यक्त करते हुए महिलाओं को समाज की मुख्य शक्ति बताते हुए कहा कि जब महिला मजबूत होती है, तब पूरा परिवार और समाज मजबूत होता है।

संस्थाओं द्वारा योजनाओं की विस्तृत जानकारी

कार्यक्रम में सृजन समाज सेवी संस्था की विष्णुप्रिया ठाकुर और छत्तीसगढ़ जन जागरण संस्थान से आत्माराम मारकंडे ने शिक्षा, स्वास्थ्य, श्रमिक अधिकार, सामाजिक सुरक्षा, छात्रवृत्ति, आय बढ़ाने वाली शासन योजनाओं और महिलाओं के लिए विशेष सुविधा कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।

स्कूल शिक्षिका दुलारी चंद्राकर ने स्कूली शिक्षा की वर्तमान स्थिति, बच्चों की पढ़ाई में अभिभावकों की भूमिका, एवं किशोरियों की शिक्षा को बढ़ावा देने पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।

CG NEWS : सम्मान, वितरण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम हुआ खास

कार्यक्रम के दौरान डॉ. एकता लगेह द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह देखने को मिला।
इसके अलावा गाँव के बुजुर्गों को कंबल वितरण कर सम्मान दिया गया तथा किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सेनेटरी पैड वितरण भी किया गया।

बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वागत गीत और लोकनृत्य ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ाया।

कार्यक्रम में सभी का महत्वपूर्ण योगदान

CG NEWS : कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम प्रमुख लालाराम बिहर सिंह, पंचगण, और मितानिन दीदियों—सत्य, सुनीता, देवकी, हेमलता, हेमवती—का विशेष योगदान रहा। मंच का सुचारू संचालन ढलेश्वर साहू द्वारा किया गया तथा अंत में ग्राम पंचायत सचिव गंगाराम टंडन ने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *