women’s college Jabalpur : जबलपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने स्थानीय महिला महाविद्यालय में व्याप्त गंभीर समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। परिषद ने कॉलेज प्रबंधन को ज्ञापन सौंपते हुए कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए, जिनका सीधा असर छात्राओं की शिक्षा और स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।
एबीवीपी ने बताया कि बीएससी प्रथम वर्ष की अधिकांश छात्राओं की सप्लीमेंट्री परीक्षा आई थी, उसके बाद उन्होंने एटीकेटी परीक्षा दी। लेकिन परिणाम में कोई सुधार नहीं हुआ, जिससे छात्राओं में भारी निराशा है। इसके बावजूद कॉलेज प्रशासन ने प्रमोशन फॉर्म भरवा दिए, जिससे छात्राओं में भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
women’s college Jabalpur : महाविद्यालय में सेनेटरी वेंडिंग मशीन जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं है। परिषद ने बताया कि यह सुविधा छात्राओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता के लिए अत्यंत आवश्यक है, लेकिन कॉलेज प्रशासन की उदासीनता के कारण अब तक इसे लागू नहीं किया गया।
कॉलेज के वॉशरूम की स्थिति भी अत्यंत दयनीय है। खिड़कियां और दरवाजे टूटे हुए हैं, सफाई व्यवस्था नाममात्र की है। छात्राओं ने कई बार शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
women’s college Jabalpur : साथ ही, माइक्रोबायोलॉजी लैब में लंबे समय से लाइट की सुविधा नहीं है, जिससे प्रयोगात्मक कक्षाएं प्रभावित हो रही हैं। यह न केवल शैक्षणिक गुणवत्ता पर असर डाल रहा है, बल्कि छात्राओं की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
एबीवीपी ने मांग की है कि कॉलेज प्रशासन इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करे, अन्यथा परिषद को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। परिषद ने स्पष्ट किया कि छात्राओं की शिक्षा और स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।













