CG NEWS : कोरबा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का फ्लेक्स नगर निगम द्वारा पशु ट्रॉली में ले जाने का मामला चर्चा का विषय बन गया है। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें नगर निगम की ट्रॉली में मुख्यमंत्री का फ्लेक्स खुले में रखा दिखाई दे रहा है। शहरवासियों ने निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। बताया गया है कि निगम के इंजीनियर अश्वनी दास ने फ्लेक्स को पशु वाहन से ले जाने के निर्देश दिए थे। मामले के बाद नगर निगम आयुक्त ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
CG NEWS : यह घटना उस समय सामने आई जब नगर निगम की ट्रॉली में मुख्यमंत्री का फ्लेक्स घंटाघर ओपन थिएटर मैदान में राज्य उत्सव कार्यक्रम के लिए ले जाया जा रहा था। लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद के सम्मान में फ्लेक्स को ढककर या किसी उपयुक्त वाहन से भेजा जाना चाहिए था, ताकि मर्यादा बनी रहे।
CG NEWS : इस पूरे मामले पर नगर निगम प्रशासन और महापौर पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि महापौर, शहर विधायक और मुख्यमंत्री — सभी एक ही पार्टी से हैं। ऐसे में इस तरह की लापरवाही ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा छेड़ दी है।
CG NEWS : शहरवासियों ने पूछा है कि क्या नगर निगम के पास उपयुक्त वाहन नहीं थे या यह सिर्फ लापरवाही का मामला है? लोगों का कहना है कि इस घटना ने नगर निगम की संवेदनहीनता को उजागर किया है और इससे शहर की छवि पर भी नकारात्मक असर पड़ा है। अब देखना यह होगा कि आयुक्त की कार्रवाई के बाद इस मामले में कौन जिम्मेदार ठहराया जाता है।













