Bemetra News : बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में रविवार रात हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हैं। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर के बाहर जमकर तोड़फोड़ की। बढ़ते तनाव को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने नगर बंद का ऐलान किया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर जिले में भारी पुलिस बल तैनात किया है और आसपास के जिलों से अतिरिक्त जवानों को भी बुलाया गया है।
Bemetra News : घटना रविवार देर रात हुई, जब एक रईस की तेज रफ्तार कार ने एक के बाद एक पांच गाड़ियों को टक्कर मार दी। इनमें बाइक, स्कूटी और एक पिकअप शामिल थी। हादसे में पिकअप सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि सात लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया, वहीं पांच घायल अब भी उपचाराधीन हैं।
Bemetra News : हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी कार मालिक बंटी मालक सिंह के घर का घेराव कर तोड़फोड़ की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। बेमेतरा एसएसपी रामकृष्ण साहू ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
Bemetra News : पुलिस ने कार मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसएसपी ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के वक्त कार कौन चला रहा था। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की बात कही है।











