Raipur News : रायपुर : रायपुर नगर निगम के भाजपा पार्षद कैलाश बेहरा को उनकी मां की मौत के बाद अनुकंपा आधार पर निगम में भृत्य (चपरासी) के पद पर नियुक्त किया गया है। शासन ने 16 सितंबर 2025 को यह आदेश जारी किया, लेकिन अब इस फैसले को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है।
Raipur News : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार के इस निर्णय को नियमों के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि किसी निर्वाचित जनप्रतिनिधि को अनुकंपा नियुक्ति नहीं दी जा सकती। यह संवैधानिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टियों से गलत है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है मानो सरकार “भांग खाकर फैसले ले रही है।”
Raipur News : जानकारी के अनुसार, कैलाश बेहरा वर्तमान में रायपुर नगर निगम के पार्षद हैं। उनकी मां नगर निगम में कर्मचारी थीं और निधन के बाद उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति की मांग की थी। शासन ने इस पर विचार करते हुए उन्हें निगम में नियुक्त कर दिया।
Raipur News : अब बड़ा सवाल यह है कि क्या बेहरा को पार्षद का पद छोड़ना पड़ेगा, क्योंकि सरकारी कर्मचारी और जनप्रतिनिधि दोनों पदों पर एक साथ बने रहना नियमों के तहत संभव नहीं है। फिलहाल, इस पर प्रशासनिक हलकों में चर्चा जारी है। कैलाश बेहरा से इस पूरे मामले पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।












