Jabalpur News : जबलपुर। जबलपुर के सिंधी कैंप क्षेत्र में आज बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब हनुमानतल थानांतर्गत नाले में एक युवक का शव मिला। सुबह लगभग 11 बजे मिली इस सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और शव को नाले से बाहर निकाला।
Jabalpur News : मृतक की पहचान बाबा टोला निवासी सूरज चौधरी के रूप में हुई है। जैसे ही पुलिस की सूचना पर परिजन मौके पर पहुँचे और सूरज का शव देखा, उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
रात भर लापता था सूरज
मृतक सूरज चौधरी के परिजनों ने पुलिस को बताया कि सूरज पिछली रात क्षेत्र में कन्या भोज और भंडारे के आयोजन के संबंध में बात करने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह रात भर घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसे हर संभावित जगह ढूंढा लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों ने जताया संदेह
परिजनों ने सूरज की मौत को लेकर गहरा संदेह व्यक्त किया है। उनका मानना है कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं है।
फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर ली है और शव को मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हर एंगल से मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।











