पटना। पटना एयरपोर्ट पर रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E-2769 को अचानक वाराणसी डायवर्ट कर दिया गया। फ्लाइट में सवार लगभग 140 यात्रियों को बिना किसी पूर्व सूचना के वाराणसी में उतार दिया गया, जिसके बाद उनका गुस्सा पटना एयरपोर्ट पर फूट पड़ा और यात्रियों ने एयरलाइन प्रबंधन के खिलाफ जमकर हंगामा और नारेबाजी की।
Read More : Raipur Breaking : रायपुर के खमतराई में कैमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, आसमान में धुएं का गुबार, देखें वीडियो
सुरक्षा कारणों से हुआ डायवर्जन
सूत्रों के मुताबिक, फ्लाइट डायवर्ट होने का कारण उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का पटना में पूर्वनिश्चित कार्यक्रम था। सुरक्षा इंतज़ामों और पटना एयरपोर्ट पर विमान पार्किंग की पर्याप्त जगह न होने के कारण, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने विमान को पटना की जगह वाराणसी भेजने का निर्णय लिया। अधिकारियों ने इसे सुरक्षा कारणों से उठाया गया कदम बताया, लेकिन यात्रियों को इस बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई थी।
यात्रियों ने बताया ‘धोखा’, बिगड़ गया शेड्यूल
वाराणसी में उतारे जाने की खबर सुनते ही यात्रियों का गुस्सा चरम पर पहुँच गया। यात्रियों ने इस कार्रवाई को अपने साथ धोखा बताया। उनका कहना था कि अचानक डायवर्जन से उनका पूरा शेड्यूल बिगड़ गया, जबकि कई लोग जरूरी काम से पटना लौट रहे थे।
Read More : Bhilai News : मैं रेप केस में फंसा दूंगी, नौकरानी ने बुजुर्ग रेल कर्मचारी को ब्लैकमेल कर वसूले 15 लाख…
गुस्साए यात्रियों ने एयरलाइन प्रबंधन को घेरते हुए मुआवज़े और वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था की मांग की। एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ जमा हो गई और कई लोग अधिकारियों से बहस करते दिखाई दिए।
वीआईपी संस्कृति पर बड़ा सवाल
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर देश में वीआईपी संस्कृति (VIP Culture) को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि वीआईपी सुरक्षा के नाम पर आम जनता की सुविधा को नजरअंदाज करना सरासर गलत है। लोगों ने सरकार और एयरलाइन कंपनियों से भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए ठोस और पारदर्शी व्यवस्था बनाने की मांग की है। एयरलाइन अब कुछ यात्रियों को सड़क मार्ग, तो कुछ को दूसरी फ्लाइट्स से पटना पहुंचाने की व्यवस्था कर रही है।













