इंदौर । पुलिस प्रशासन द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे युद्ध स्तर के अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने हापुड़ रोड क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में कुल 12.4 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई है।
सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने रेलवे स्टेशन के पास दबिश दी। तलाशी लेने पर मोहम्मद हुसैन, पिता मोहम्मद सलीम, निवासी आजाद नगर, संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया। उसके पास से ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसे अवैध रूप से बिक्री के लिए रखा गया था।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ के दौरान यह जानकारी मिली है कि आरोपी मंदसौर सहित अन्य क्षेत्रों से मादक पदार्थ लाकर इंदौर में बेचने का प्रयास कर रहा था।
Read More : Shajapur News : टमाटर के कम दाम और मंडी की अव्यवस्था से भड़के किसान, सड़क पर फेंके टमाटर, घंटों लगा रहा जाम…
क्राइम ब्रांच अब आरोपी के फोन और अन्य साधनों की जांच कर यह पता लगा रही है कि वह किन लोगों से संपर्क में था और उसके पीछे कौन-सा नेटवर्क सक्रिय है। इससे जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की भी संभावना जताई जा रही है।
डीसीपी क्राइम ब्रांच, राजेश त्रिपाठी ने बताया कि अवैध नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Read More : CG News : बेमेतरा : नगर देवकर एनीकेट में पूर्व हादसों के बाद जल संसाधन विभाग ने लगाई बेरिकेट
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या क्राइम ब्रांच को सूचना दें।













