Raja Raghuvanshi Friend Suicide: निशानेबाज न्यूज़ डेस्क- इंदौर में ट्रांसपोर्टर राजा रघुवंशी की हत्या के बाद उनके कारोबार से जुड़े रहे दोस्त अर्पित चौहान की आत्महत्या का मामला सामने आया है। अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में 34 वर्षीय अर्पित ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में चिंता और संशय का माहौल है।पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
अन्नपूर्णा पुलिस के मुताबिक, मृतक अर्पित पिता राजू चौहान अरिहंत नगर के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार, शिलांग में राजा रघुवंशी की हत्या हुई थी और उनका ट्रांसपोर्ट का कारोबार था।राजा की कई चार पहिया गाड़ियां इंदौर के ढक्कनवाला कुआं स्थित एलन करियर इंस्टीट्यूट में अटैच थीं। राजा की मौत के बाद अर्पित चौहान उनके ट्रांसपोर्टेशन से जुड़े काम को संभाल रहे थे।अर्पित का छोटा भाई अभिषेक चौहान भी उनके साथ इस कारोबार में काम करता था।
जन्मदिन के दो दिन बाद उठाया कदम
परिजनों के अनुसार, अर्पित ने 30 सितंबर को अपना जन्मदिन मनाया था। इसके दो दिन बाद शुक्रवार सुबह उन्होंने सोशल मीडिया पर एक स्टेटस पोस्ट किया।इसमें लिखा था, “नियंत्रण बहुत जरूरी है, अगर आमदनी कम हो तो खर्चों पर और जानकारी कम तो शब्दों पर।”इसके करीब कुछ देर बाद अर्पित ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों और पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच शुरू हुई।
Read More: MP News: रीवा की श्रीजी वृंदावन कॉलोनी में बड़ी चोरी! 10-15 लाख के जेवर और कैश गायब
परिवार में पत्नी और तीन साल की बेटी
अर्पित अपने परिवार में बड़े भाई थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन साल की बेटी है। छोटा भाई अभिषेक भी उनके साथ ट्रांसपोर्ट का काम संभालता था।अचानक हुई इस मौत के बाद परिवार के लोग सदमे में हैं। परिजन आत्महत्या के पीछे की वजह को लेकर संशय में हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी कारण की पुष्टि नहीं की है।
सुसाइड नोट नहीं मिला, पुलिस खंगाल रही वजह
पुलिस के अनुसार, मौके से फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।अन्नपूर्णा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। अब परिवार के सदस्यों से पूछताछ के साथ अर्पित की हाल की गतिविधियों और परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस यह भी देखेगी कि घटना से पहले उनके सामने कोई व्यक्तिगत, पारिवारिक या आर्थिक परेशानी थी या नहीं।फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी पूरी तस्वीर
अर्पित चौहान की मौत ऐसे समय हुई है जब वह राजा रघुवंशी के ट्रांसपोर्ट से जुड़े काम को संभाल रहे थे। हालांकि, फिलहाल पुलिस ने उनकी मौत और राजा रघुवंशी हत्याकांड के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है।पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और जांच से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






