इंदौर : Indore News : शहर में ‘लव जिहाद’ के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला द्वारकापुरी थाना क्षेत्र का है, जहां एक मुस्लिम युवक पर हिंदू युवती को प्रेम जाल में फंसाकर दुष्कर्म करने और वीडियो बनाने का आरोप लगा है। इस घटना से गुस्साए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को द्वारकापुरी थाने का घेराव किया और सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया।
Indore News : क्या है पूरा मामला?
पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी दोस्ती एक मार्ट में काम करने के दौरान दानिश नाम के युवक से हुई थी। दानिश ने पहले उसे शादी का झांसा दिया और फिर राजेंद्र नगर स्थित एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, उसने दुष्कर्म का वीडियो भी बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर फरार हो गया।
पीड़िता ने पहले राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जहां जीरो पर एफआईआर दर्ज कर मामला द्वारकापुरी थाने भेज दिया गया, क्योंकि युवती इसी थाना क्षेत्र की रहने वाली है।

सोमवार रात पीड़िता बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ द्वारकापुरी थाने पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं और थाना प्रभारी मनीष मिश्रा के बीच बहस हो गई। आरोप है कि थाना प्रभारी ने कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। इससे नाराज होकर कार्यकर्ता थाने के बाहर सड़क पर बैठ गए और उन्होंने विरोध में हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी दानिश को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।













