CG NEWS : AAP प्रदेश महासचिव जसबीर चावला का इस्तीफा, कहा – अमेरिका से आया फंड इस्तेमाल नहीं हुआ, किराया नहीं चुकाने पर बंद हुआ पार्टी कार्यालय

Sanjay Sahu
CG NEWS

CG NEWS : रायपुर। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश महासचिव जसबीर सिंह चावला ने अपने पद और पार्टी दोनों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और प्रदेश प्रभारी संदीप पाठक को पत्र लिखते हुए पार्टी में लगातार बढ़ती अव्यवस्था, जवाबदेही की कमी और छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक निष्क्रियता को इस्तीफे की वजह बताया है।

CG NEWS : चावला ने अपने इस्तीफे में दावा किया है कि 12 मई 2025 को अमेरिका से 5.12 लाख रुपये का डोनेशन खासतौर पर छत्तीसगढ़ संगठन के लिए आया था, लेकिन अब तक प्रदेश का बैंक खाता ही नहीं खोला गया। इसके चलते तीन महीने तक कार्यालय का किराया नहीं दिया गया और अंततः मकान मालिक ने ताला लगा दिया।

CG NEWS : उन्होंने यह भी कहा कि वे 16 अगस्त 2011 से पार्टी से जुड़े हुए थे और लगभग 14 वर्षों तक शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर काम किया, लेकिन अब छत्तीसगढ़ में पार्टी पूरी तरह निष्क्रिय हो गई है। इसी के चलते उन्होंने पार्टी से अलग होने का फैसला लिया। अपने इस्तीफे में जसबीर ने 10 अहम कारणों का भी उल्लेख किया है:

CG NEWS : जसबीर सिंह चावला ने इस्तीफे में बताए 10 प्रमुख कारण

1. कार्यकर्ताओं का सम्मान खत्म – पार्टी में अब कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सम्मान नहीं दिया जाता, केवल चाटुकारिता चल रही है।

2. संवादहीनता – अरविंद केजरीवाल अब कार्यकर्ताओं या प्रदेश पदाधिकारियों से संवाद नहीं करते, जिससे टीम में निराशा है।

3. दिल्ली पर अत्यधिक निर्भरता – छत्तीसगढ़ में हर निर्णय के लिए दिल्ली से पूछना पड़ता है, जबकि दिल्ली से फंड या स्पष्ट मार्गदर्शन नहीं मिलता।

4. विजन का अभाव – विधानसभा चुनाव के दो साल बाद भी प्रदेश के लिए कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई है।

5. जवाबदेही और फंडरेजिंग की कमी – पार्टी को चलाने के लिए न तो कोई फंडरेजिंग प्लान है, न ही किसी की जिम्मेदारी तय है।

6. प्रभारी-सह प्रभारी की मनमानी – दिल्ली से भेजे गए प्रभारी अक्सर अपने साथियों को प्रभुत्व दे देते हैं, जो प्रदेश नेताओं को हाशिए पर रखते हैं।

7. डोनेशन का दुरुपयोग और दफ्तर बंद– अमेरिका से आए 5.12 लाख के डोनेशन के बावजूद अकाउंट न खुलने से किराया नहीं चुका और दफ्तर बंद हो गया।

8. विचारधारा का अभाव – प्रदेश में पार्टी के नेता कांग्रेस के विपक्ष में रहने की भूमिका को भी नकारते हैं, जबकि जमीनी मुद्दों पर पार्टी गायब है।

9. विपक्ष की भूमिका से दूरी– 2023 में गलत टिकट बांटे गए और सभी 90 सीटों पर चुनाव न लड़कर कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराया गया।

10. संविधान की अनदेखी– पार्टी अब अपने ही संविधान के मुताबिक काम नहीं कर रही। पदों की नियुक्तियों की जगह घोषणाएं कर रेवड़ी की तरह बांटा जा रहा है।

CG NEWS : जसबीर सिंह चावला कौन हैं?

CG NEWS : सरदार जसबीर सिंह चावला बिलासपुर के व्यापारी हैं। वे 2011 में अन्ना आंदोलन के दौरान सक्रिय हुए और 2012 में आम आदमी पार्टी से जुड़े। 2016 में बिल्हा विधानसभा अध्यक्ष बनाए गए और 2017 में बिलासपुर लोकसभा प्रभारी नियुक्त हुए। 2023 विधानसभा चुनाव में उन्हें बिल्हा से पार्टी प्रत्याशी बनाया गया था। वे पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

 

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *