CG News : रायपुर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने सोमवार को राजधानी में मीडिया से बातचीत में कई अहम मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। दुर्ग जिले के मचांदुर गांव में आर्मी जवान के घर पर लगे भगवा ध्वज को लेकर हुए विवाद से लेकर धर्मांतरण और कांग्रेस की वोट चोरी जनसभा तक, उन्होंने एक-एक करके जवाब दिए।
CG News : ध्वज विवाद पर सख्त रुख
मचांदुर गांव के विवाद का ज़िक्र करते हुए शर्मा ने कहा कि आस्था पर हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने ऐलान किया – “आज उसी जवान के घर पर भगवा ध्वज फहराया जाएगा। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता राहुल टिकरिया वहां पहुंच चुके हैं।”
धर्मांतरण पर नया कानून
गृहमंत्री ने खुलासा किया कि प्रदेश में धर्मांतरण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार नया कानून लाने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रलोभन और दबाव से किए जा रहे धर्मांतरण पर अब कड़ी कार्रवाई होगी। “नए एक्ट के लागू होने के बाद पुलिस को सख्त कार्रवाई करने का अधिकार होगा,” शर्मा ने जोड़ा।
कांग्रेस पर हमला
बिलासपुर में होने वाली कांग्रेस की वोट चोरी जनसभा को लेकर भी उन्होंने करारा प्रहार किया। शर्मा ने कहा – “जनता जानती है कि वोट चोरी का कोई मामला नहीं है। राहुल गांधी को चुनावी प्रक्रिया की समझ नहीं है, इसलिए भ्रम फैला रहे हैं। कांग्रेस बेवजह मुद्दा बनाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।”











