Breaking News : जयपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जयपुर में जमीन से जुड़े घोटालों पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को ईडी की टीम ने शहर के भू-माफियाओं और बड़े कारोबारियों से जुड़े 12 ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। इस कार्रवाई ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया है।
Breaking News : इन ठिकानों पर हुई कार्रवाई
सुबह 6 बजे शुरू हुई इस छापेमारी में ईडी की टीम ने भू-माफिया ज्ञानचंद अग्रवाल और गोवर्धन अग्रवाल के ठिकानों पर दबिश दी। इसके अलावा, ग्रैंड उनियारा होटल के मालिक दलपत सिंह, प्रभुलाल चोपड़ा और JKD ग्रुप से जुड़े परिसरों पर भी कार्रवाई की जा रही है। ज्ञानचंद अग्रवाल के गोपालपुरा और मानसरोवर स्थित ऑफिस में भी छापे मारे गए हैं।
ईडी सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई करोड़ों रुपये की जमीन में हुए बड़े पैमाने के वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़ी है। जमीन का व्यापार करने वाले इन व्यापारियों से पिछले दो साल का पूरा रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
बेनामी संपत्ति और काली कमाई का संदेह
ज्ञानचंद अग्रवाल के पार्टनर जुगल किशोर के ठिकानों पर भी ईडी की टीम पहुंची है। जुगल के सिटी वंडर, होटल हिल्टन और ग्रैंड उनियारा जैसे प्रतिष्ठानों में भी छापे मारे गए हैं। इसके साथ ही, दलपत सिंह और उनके सहयोगियों अवनीश बंसल, तोतला अनिल जैन और बद्री के परिसरों में भी जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि इन कारोबारियों के पास बड़ी मात्रा में बेनामी संपत्ति और काली कमाई हो सकती है, जिसके उजागर होने की संभावना है।
गौरतलब है कि भू-माफिया ज्ञानचंद अग्रवाल के खिलाफ जयपुर में पहले से ही 200 से ज्यादा धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। इनमें मानसरोवर, भांकरोटा, शिप्रापथ और श्याम नगर जैसे क्षेत्रों में जमीनों से जुड़े केस शामिल हैं। फरवरी 2023 में भी आयकर विभाग ने उनके ठिकानों पर छापेमारी की थी।











