रायपुर नवोदय विद्यालय : रायपुर। राजधानी रायपुर के माना स्थित नवोदय विद्यालय में छात्रों की पिटाई का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार विद्यालय के भूगोल शिक्षक ने बच्चों को इतना मारा कि एक छात्र के हाथ में फ्रैक्चर और पैर में गंभीर चोटें आ गईं। घटना की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ राज्य बाल आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा स्वयं विद्यालय पहुँचीं और पीड़ित बच्चों से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली।
रायपुर नवोदय विद्यालय : पीड़ित छात्र के एक्सरे में फ्रैक्चर की पुष्टि होने के बाद विद्यालय की प्राचार्या ने तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। वहीं, आयोग अध्यक्ष ने प्रथम दृष्टया जिम्मेदार पाए गए शिक्षक को निलंबित करने की अनुशंसा कर दी है।
डॉ. शर्मा ने स्पष्ट कहा कि बच्चों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच का आश्वासन देते हुए बाल कल्याण समिति रायपुर के एक सदस्य को भी जांच दल में शामिल किया है। आयोग ने संकेत दिया है कि दोषी शिक्षक पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।











