Sunday, August 16, 2026
Home Chhattisgarh TOP 10 News Today 26 Aug 2025 : निशाने पर आज :...

TOP 10 News Today 26 Aug 2025 : निशाने पर आज : 426 मासूमों की थाली में जहर, भारत पर 50% अमेरिकी टैरिफ लागू, जीतू पटवारी के विवादित बयान से बवाल, भारतीय शेयर बाजार में हाहाकार, अपनी ही संपत्तियों में फंसी रानू साहू, PWD जांच में खुलेंगे बड़े राज, एमपी में बड़ा मूंग घोटाला…समेत देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें

0
214
TOP 10 News Today 26 Aug 2025
TOP 10 News Today 26 Aug 2025

TOP 10 News Today 26 Aug 2025

1 . 426 मासूमों की थाली में जहर, शिक्षक की करतूत से मचा हड़कंप

सुकमा | छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 426 मासूम बच्चों की जान लेने की साजिश को समय रहते टाल दिया गया। 21 अगस्त की रात पकेला आवासीय विद्यालय के भोजन में फिनायल मिलाने की कोशिश की गई थी, लेकिन स्टाफ की सतर्कता के चलते कोई अनहोनी नहीं हुई। घटना तब उजागर हुई जब रोजाना की तरह भोजन परोसने से पहले सहायक वार्डन और प्रशिक्षकों ने टेस्टिंग की प्रक्रिया शुरू की। सब्जी से असामान्य रासायनिक गंध आने पर उन्होंने तुरंत अधीक्षक दुजल पटेल को सूचित किया। अधीक्षक ने तुरंत खाना नष्ट कर दिया और वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित रूप से सूचना दी।

2 . भारत पर 50% अमेरिकी टैरिफ लागू, PM मोदी की आपात बैठक में बड़ा एक्शन प्लान

नई दिल्ली| भारत के निर्यातकों के लिए एक बड़े झटके के रूप में, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार द्वारा भारत से आयातित वस्तुओं पर 25% अतिरिक्त टैरिफ की अधिसूचना जारी की गई है, जो 27 अगस्त 2025 से लागू होगी। इसके साथ ही भारत पर अमेरिकी टैरिफ की कुल दर 50% हो जाएगी। इस गंभीर आर्थिक स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार शाम एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई, जिसमें वाणिज्य, वित्त मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी और मंत्रिगण शामिल हुए। बैठक में अमेरिकी टैरिफ का जवाब देने, निर्यातकों को राहत पहुंचाने, वैकल्पिक बाजार खोजने और रोजगार प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष सहायता पैकेज पर विचार-विमर्श हुआ।

3 . MP की महिलाएं शराबी? जीतू पटवारी के विवादित बयान से उबाल

 MP Politics : भोपाल | मध्य प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी का स्तर लगातार विवादास्पद होता जा रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ऐसा बयान दिया है जिसने समाज में हलचल मचा दी है। पटवारी ने मध्य प्रदेश की महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा कि पूरे देश में सबसे ज्यादा शराब पीने वाली महिलाएं मध्य प्रदेश की हैं। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे महिलाओं का अपमान माना जा रहा है। पटवारी ने अपने बयान में बीजेपी सरकार पर नशा, बेरोजगारी और कुपोषण के मुद्दों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश का युवा बेरोजगार है या नशा कर रहा है तो इसके लिए भारतीय जनता पार्टी, शिवराज सिंह चौहान और मोनिक यादव जिम्मेदार हैं। हालांकि, इस बयान के बीच उन्होंने एक ऐसा दावा कर दिया जो अब उनके लिए राजनीतिक और सामाजिक रूप से भारी पड़ सकता है।

4 . भारतीय शेयर बाजार में हाहाकार

Trump Tariffs : मुंबई। अमेरिकी प्रशासन द्वारा भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लागू करने के नोटिफिकेशन के बाद भारतीय शेयर बाजार में आज भारी गिरावट देखी गई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 550 अंकों की कमजोरी के साथ गिरावट पर खुला, और आधे घंटे के भीतर यह 650 अंकों तक डूब गया, जिससे निवेशकों के लगभग 4.65 लाख करोड़ रुपये डूब गए। आज सेंसेक्स 0.67% की गिरावट के साथ 81,089.04 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 0.72% की गिरावट के साथ 24,786 पर ट्रेड कर रहा था। सेंसेक्स की 30 प्रमुख कंपनियों में से 27 कंपनियों में बिकवाली देखी गई। फार्मा और बैंकिंग सेक्टर दबाव में रहे, वहीं एफएमसीजी सेक्टर में हल्की तेजी रही। हिंदुस्तान यूनिलीवर, इटरनल और आईटीसी के शेयर हरे निशान में रहे, जबकि सन फार्मा, टाटा स्टील और पावरग्रिड में गिरावट आई।

5 . अपनी ही संपत्तियों में फंसी रानू साहू, PWD जांच में खुलेंगे बड़े राज

CG NEWS : रायपुर. छत्तीसगढ़ के विवादित IAS अधिकारी रानू साहू की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। कोल स्कैम और डीएमएफ घोटाले में नामजद रानू साहू की रायपुर के तुलसी गांव में मौजूद संपत्तियों पर अब PWD (लोक निर्माण विभाग) की विशेष जांच शुरू होने जा रही है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने PWD मुख्यालय से रिपोर्ट मांगी, जिसके बाद रायपुर संभाग क्रमांक-2 को जांच का जिम्मा सौंपा गया है। जांच टीम यह पता लगाएगी कि तुलसी गांव में बने मकान, फॉर्म हाउस और दुकान का निर्माण कब हुआ और कुल खर्च कितना आया। भवन में लगे दरवाजे, खिड़कियां, फॉल सीलिंग, प्लाई वर्क, इंटीरियर डेकोरेशन, बाउंड्री वॉल, फेंसिंग, लॉन, प्लंबर वर्क और इलेक्ट्रिक इंस्टालेशन जैसी चीजों की लागत का विस्तृत आकलन किया जाएगा। इसके अलावा मॉड्यूलर किचन, नल, शावर, बाथ टब, झूमर, फर्नीचर, एसी, कूलर, वाशिंग मशीन, टीवी और अन्य घरेलू उपकरणों पर हुए खर्च की भी जांच होगी।

6 . एमपी में बड़ा मूंग घोटाला : 55 किसानों की जमीन पर फर्जी सिकमीनामा, करोड़ों का खेल बेनकाब

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में शहपुरा तहसील के पथरिया गांव से किसानों के हक पर चोट करने वाला बड़ा घोटाला सामने आया है। यहां 55 किसानों की सैकड़ों एकड़ जमीन पर फर्जी सिकमीनामे तैयार कर मूंग का पंजीयन करा लिया गया और एमएसपी खरीदी केंद्र से करोड़ों रुपये का भुगतान उठाने की कोशिश की गई। भारतीय किसान संघ के नेताओं ने आरोप लगाया कि इस गड़बड़ी में सरकारी अफसरों की मिलीभगत है, क्योंकि सिकमीनामे के बाद पंजीयन की प्रक्रिया में एसडीएम, तहसीलदार और पटवारी का सत्यापन अनिवार्य होता है। किसानों को तब भनक लगी जब वे खाद लेने सरकारी गोदाम पहुंचे और कर्मचारियों ने बताया कि उनके नाम से खाद पहले ही उठ चुकी है। जांच में खुलासा हुआ कि उनके नाम पर मूंग खरीदी के लिए ऑनलाइन पंजीयन किया गया है।

7 . तीजा त्योहार: पत्नी ने अंडा करी बनाने से किया इनकार, पति ने फांसी लगाकर दी जान

धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मन पसंद सब्जी नहीं बनने पर पति ने आत्मघाती कदम उठा लिया. मृतक की पहचान टिकूराम सेन के रूप में हुई है. घटना से तीजा पर्व की खुशियां मातम में तबदील हो गई. यह मामला सिहावा थाना क्षेत्र के सांकरा गांव का है. जानकारी के मुताबिक, सांकरा निवासी टिकूराम सेन ने अपनी पत्नी से अंडे सब्जी बनाने के लिए कहा. लेकिन तीजा पर्व के कारण पत्नी ने बनाने से मना कर दिया. यह बात पति को नागवार गुजरी और उसने पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना से इलाके में हड़कंप मच गया.

8 . अर्चना तिवारी जैसा मामला, 21 वर्षीय श्रद्धा तिवारी लापता

Indore News : इंदौर। शहर में अर्चना तिवारी मामले की तरह ही एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। इंदौर के गुजराती कॉलेज में पढ़ने वाली 21 वर्षीय छात्रा श्रद्धा तिवारी दो दिन पहले अचानक घर से लापता हो गई। अब तक 60 घंटे से ज्यादा का समय बीत चुका है लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला है। एमआईजी थाना पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि श्रद्धा अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़कर निकली थी, जिससे परिवार और पुलिस दोनों हैरान हैं।

9 . सातवीं की छात्रा ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में लिखा, जरूरतमंद को देहदान कर देना

भोपाल। राजधानी के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्लोबल पार्क सिटी से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। सातवीं क्लास में पढ़ने वाली 13 वर्षीय छात्रा आराध्या ने सोमवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से एक भावुक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें छात्रा ने लिखा – “मेरा कंप्यूटर, टेबल और रूम छोटे भाई को दे देना… जरूरतमंद को देहदान कर देना… आपकी प्यारी बेटी।”जानकारी के अनुसार, आराध्या सोमवार सुबह स्कूल जाने की तैयारी कर रही थी। उसकी सिविक्स की कॉपी चेक होने वाली थी, लेकिन कॉपी बैग में नहीं मिली। इस पर मां ने कहा कि कॉपी घर पर नहीं है और नाराज़ होकर बेटी को फटकार लगा दी। इसके बाद जब माता-पिता कुछ देर बाद लौटे तो उन्होंने देखा कि आराध्या ने स्कूल बेल्ट और कपड़े से फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली।

10 . M मोहन के नेतृत्व में कैबिनेट की बैठक संपन्न, कई अहम फैसलों पर लगी मुहर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन सिंह के नेतृत्व में आज सुबह मंत्रालय में कैबिनेट बैठक आयोजित हुई, जिसमें राज्य के प्रशासनिक, शिक्षा, न्याय और ऊर्जा क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक के बाद नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया को फैसलों की जानकारी दी। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक बोर्ड में एक लोक अभियोजन अधिकारी नियुक्त होंगे। इसके लिए कुल 610 पदों की स्वीकृति दी गई है। थानों में जांच प्रक्रिया को डिजिटल बनाने के लिए 1,732 अधिकारियों को टैबलेट उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि चरणबद्ध रूप से कुल 25,000 टैबलेट खरीदे जाएंगे। प्रत्येक टैबलेट में GPS और रिपोर्टिंग सिस्टम होगा, जिससे हर थाने की रिपोर्ट अपने आप मुख्यालय तक पहुंचेगी। पूरी खबर 

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here