Indore News : इंदौर : इंदौर में फिल्म पुष्पा की तर्ज पर शराब की तस्करी का बड़ा मामला इंदौर पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से करीब 811 पेटियां विदेशी शराब जब्त की हैं, जिसकी मात्रा लगभग आठ हजार लीटर बताई जा रही है। यह शराब सीमेंट की बोरियों के बीच बड़े ही चालाकी से छुपाई गई थी, ताकि पुलिस और चेकिंग टीमों को गुमराह किया जा सके।
Indore News : पुलिस ने बताया कि इस शराब को गुजरात ले जाया जा रहा था। छापे के दौरान ट्रक ड्राइवर प्रेम को गिरफ्तार किया गया है, जो मूल रूप से राजस्थान के बाड़मेर जिले का रहने वाला है। पकड़े गए आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है ताकि शराब की सप्लाई चेन और पीछे खड़े बड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके। जब्त की गई शराब में रॉयल चैलेंज सहित कई विदेशी ब्रांड शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि यह शराब राजस्थान या हरियाणा से लाई गई होगी, हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शराब कहां से मंगाई गई थी।
Indore News : फिलहाल जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि बहुत जल्द इस पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि आम तौर पर शराब की बोतलों पर अलग-अलग टैग और सरकारी मार्किंग रहती है, लेकिन इस खेप में किसी भी तरह के टैग मौजूद नहीं थे। ऐसे में यह भी संदेह जताया जा रहा है कि कहीं शराब नकली या मिलावटी तो नहीं है।
Indore News : वर्तमान में फॉरेंसिक और एक्साइज विभाग की टीम इसकी जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि गुजरात में शराबबंदी होने के कारण वहां शराब की तस्करी का बड़ा अवैध धंधा सक्रिय है। तस्कर अक्सर नए-नए तरीके अपनाकर शराब की खेप भेजते हैं। कभी ट्रक में सब्जियों के बीच शराब छुपाई जाती है तो कभी अनाज की बोरियों के बीच। इस बार सीमेंट की बोरियों के बीच भारी मात्रा में शराब छुपाकर भेजी जा रही थी। फिलहाल गिरफ्तार ड्राइवर से पुलिस कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध तस्करी में और कौन-कौन शामिल है। अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ एक खेप नहीं बल्कि बड़े गिरोह से जुड़ा मामला हो सकता है।











