रीवा : मध्य प्रदेश में पुलिस सहायता के लिए अब 100 डायल की जगह 112 नंबर काम करेगा। 15 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से पूरे प्रदेश के लिए 112 नंबर की गाड़ियों को हरी झंडी दिखाई थी। इसी कड़ी में रीवा को 34 नई पुलिस गाड़ियां मिली हैं, जिनका आज ट्रायल शुरू कर दिया गया।
रीवा में आई इन नई 112 नंबर की गाड़ियों में स्कॉर्पियो और बोलेरो जैसे आधुनिक वाहन शामिल हैं। इन गाड़ियों के आने से पुलिस की रिस्पॉन्स टाइम में सुधार होने की उम्मीद है और जनता को तेज़ और बेहतर पुलिस सेवा मिल सकेगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन नई गाड़ियों से न सिर्फ आम जनता की समस्याओं का तेजी से समाधान होगा, बल्कि अपराध पर भी प्रभावी नियंत्रण में मदद मिलेगी। डीएसपी हेडक्वार्टर हिमाली पाठक ने कहा कि बहुत जल्द ये गाड़ियां रीवा की सड़कों पर आम जनता की मदद के लिए सक्रिय होंगी।













