जीएसटी में बड़ा बदलाव : नई दिल्ली। देश के टैक्स ढांचे में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीएसटी सुधार के ऐलान के बाद वित्त मंत्रालय ने मंत्रियों के समूह (जीओएम) को एक नए मॉडल का प्रस्ताव भेजा है, जिसमें मौजूदा चार जीएसटी स्लैब को घटाकर केवल दो मुख्य दरें—5% और 18%—रखने की बात कही गई है। साथ ही, कुछ चुनिंदा वस्तुओं के लिए विशेष टैक्स दर का प्रावधान भी प्रस्तावित है।
जीएसटी में बड़ा बदलाव : सूत्रों के मुताबिक, यह नया ढांचा तीन प्रमुख लक्ष्यों पर आधारित है—जीएसटी संरचना को सरल बनाना, टैक्स दरों में स्थिरता लाना और आम लोगों के जीवन को आसान करना। जरूरत की चीजों और महत्वाकांक्षी वस्तुओं पर टैक्स कम करने का सुझाव भी इसमें शामिल है।
वर्तमान में जीएसटी के चार स्लैब—5%, 12%, 18% और 28%—लागू हैं। प्रस्तावित बदलावों पर चर्चा के लिए जीएसटी परिषद की बैठक सितंबर में होगी। मंत्रालय का कहना है कि ‘कंपनसेशन सेस’ समाप्त होने के बाद दरों में लचीलापन आया है, जिससे रेट स्ट्रक्चर को ज्यादा सरल और स्थिर बनाना संभव है।
नया सिस्टम इन्वर्टेड ड्यूटी स्ट्रक्चर जैसी समस्याओं को खत्म करेगा, टैक्स विवाद घटाएगा और एमएसएमई व स्टार्टअप्स के लिए बिजनेस प्लानिंग आसान बनाएगा। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, प्री-फिल्ड रिटर्न और एक्सपोर्टर्स के लिए ऑटोमेटेड रिफंड जैसी सुविधाएं कारोबार का समय और लागत दोनों बचाएंगी।
सरकार को उम्मीद है कि इन सुधारों से खपत और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी, जिससे न सिर्फ जीएसटी कलेक्शन में बढ़ोतरी होगी, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।





