CG BIG NEWS : रायगढ़ : लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक चक्रधर सिंह सिदार के छोटे भाई जयपाल सिंह सिदार की लाश रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत सिसरिंगा के जंगल में मिली है। यह सनसनीखेज मामला बुधवार को तब सामने आया जब ग्रामीणों ने जंगल में एक सड़ी-गली हालत में लाश देखी और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
जयपाल सिंह 7 जुलाई से लापता थे। उस दिन वे बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद से अचानक गायब हो गए थे। उनके अचानक लापता होने से पूरे परिवार में बेचैनी का माहौल था। खोजबीन के कई प्रयासों और पुलिस की टीमें लगाने के बावजूद कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया था।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी। शव की स्थिति को देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं और घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, और पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
जयपाल के बड़े भाई और लैलूंगा के पूर्व विधायक चक्रधर सिंह सिदार ने भाई का सुराग देने वाले को ₹21,000 का इनाम देने की घोषणा की थी, लेकिन इसके बावजूद कोई सूचना नहीं मिल सकी थी। इस मामले को लेकर क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब एक पूर्व विधायक के भाई की गुमशुदगी का कोई सुराग पुलिस नहीं लगा पाई, तो आम जनता की सुरक्षा की क्या गारंटी है? लोगों में पुलिस की निष्क्रियता को लेकर भारी नाराजगी है।
Read More : लखनऊ पुलिस लाइन में वरिष्ठ अधिकारी की पत्नी ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और हत्या की आशंका को केंद्र में रखकर जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और जयपाल सिंह के मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स और अन्य डिजिटल सबूतों की भी जांच की जा रही है।
यह मामला अब एक हाई-प्रोफाइल क्रिमिनल केस बन चुका है, जिसकी गूंज राज्य स्तर तक जा सकती है।









