International drug syndicate : नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का खुलासा किया है, जो अफ्रीका से कॉल सेंटर मॉडल पर भारत में ड्रग्स की तस्करी कर रहा था। इस ऑपरेशन में पांच अफ्रीकी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है और 100 करोड़ रुपये से अधिक की नशीली दवाएं जब्त की गई हैं।
ड्रग सिंडिकेट का सरगना नाइजीरिया में बैठा “कालिस्टस”
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड “कालिस्टस उर्फ कालिस” है, जो नाइजीरिया से इस पूरे रैकेट को सोशल मीडिया, कॉल सेंटर टेक्नोलॉजी और फर्जी पासपोर्टों के ज़रिए नियंत्रित कर रहा था। इसका नेटवर्क मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया, जापान और यूके तक फैला हुआ था।
फूड डिलीवरी ऐप की तरह थी ड्रग्स डिलीवरी
एडिशनल डीसीपी (क्राइम) मंगेश कश्यप ने बताया कि यह नेटवर्क कोकीन, एमडीएमए और गांजा जैसे नशे की चीज़ें अफ्रीकी नागरिकों के माध्यम से भारत में सप्लाई करता था। ग्राहक की लाइव लोकेशन पर ड्रग्स पहुंचाने के लिए ये लोग बिल्कुल फूड डिलीवरी ऐप्स जैसी प्रणाली का इस्तेमाल करते थे।
ड्रग डिलीवरी करने वाले लोग अक्सर ब्लैक हेलमेट, चेक शर्ट और खास ड्रेस कोड में रहते ताकि शक न हो। नेटवर्क इतना मजबूत था कि अगर एक डिलीवरी बॉय पकड़ा भी जाए, तो उसकी जगह दूसरा एजेंट तुरंत सक्रिय कर दिया जाता था।
13 जून से हुआ ऑपरेशन का खुलासा
इस पूरे मामले की शुरुआत 13 जून को दिल्ली के मोती नगर इलाके में एक कूरियर पार्सल से 895 ग्राम एमडीएमए मिलने से हुई। इसके बाद पुलिस ने कैमेनी फिलिप नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जिसके पास से फर्जी कैमरून पासपोर्ट और 2 किलोग्राम कोकीन बरामद हुई।
महिलाओं के जरिए ड्रग्स की तस्करी
पूछताछ में सामने आया कि यह नेटवर्क महिलाओं का इस्तेमाल करता था, खासकर कोलंबिया से कोकीन लाने के लिए, क्योंकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स पर महिलाओं को कम संदेहास्पद माना जाता है। डिलीवरी के लिए सीक्रेट ड्रॉप लोकेशन का इस्तेमाल होता था और पेमेंट हवाला नेटवर्क के जरिए नाइजीरिया भेजा जाता था।
अब तक की बरामदगी:
- 2.7 किलोग्राम कोकीन
- 1 किलोग्राम एमडीएमए
- 1 किलोग्राम से अधिक गांजा
- ₹2.7 लाख नकद
- फर्जी पासपोर्ट और दस्तावेज
पुलिस अब क्या कर रही है…
दिल्ली पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों और वित्तीय लिंक की पहचान कर रही है। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय जांच एजेंसियों से भी संपर्क कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। यह ऑपरेशन राजधानी में अफ्रीकी ड्रग सिंडिकेट की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।




