Tuesday, August 18, 2026
Home Chhattisgarh Raipur AIIMS Patient Death : रायपुर एम्स में खौफनाक वारदात; तीसरी मंजिल...

Raipur AIIMS Patient Death : रायपुर एम्स में खौफनाक वारदात; तीसरी मंजिल से गिरकर मरीज की संदिग्ध मौत, सुरक्षा इंतजामों की खुली पोल

Raipur AIIMS Patient Death : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी स्थित प्रतिष्ठित संस्थान एम्स (AIIMS) रायपुर से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ के बी-ब्लॉक स्थित वार्ड नंबर बी-4 में भर्ती एक मरीज की तीसरी मंजिल से गिरने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान करण नायक बंजारा के रूप में हुई है, जो रक्त संबंधी बीमारी (Blood Related Disease) के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती था। घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को अचानक करण तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों और स्टाफ ने उसे तत्काल संभालने और उपचार देने की कोशिश की, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आमानाका थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि यह महज एक हादसा था या मरीज ने हताशा में आकर खुदकुशी की है।रायपुर के AIIMS हॉस्पिटल की तीसरी मंजिल से गिरकर मरीज की मौत

इस घटना ने एम्स प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था को एक बार फिर कटघरे में खड़ा कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के बावजूद ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं। अस्पताल में पहले भी मरीजों के कीमती सामान चोरी होने और स्टाफ द्वारा दुर्व्यवहार की शिकायतें सामने आती रही हैं। पुलिस अब वार्ड में मौजूद नर्सिंग स्टाफ और अन्य मरीजों से पूछताछ कर रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि गिरने की असली वजह का पता चल सके।

गौरतलब है कि एम्स रायपुर में मरीजों द्वारा ऊंचाई से कूदकर जान देने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी 2021 और 2025 में कैंसर पीड़ितों और एक डॉक्टर द्वारा आत्महत्या की खबरें सामने आ चुकी हैं। बार-बार होती इन घटनाओं ने अस्पताल में मरीजों की काउंसलिंग और सुरक्षा जाल (Safety Nets) की कमी को उजागर किया है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here