Tuesday, September 8, 2026
Home Chhattisgarh Birthday Celebration On Road : सूरजपुर: बीच सड़क पर जन्मदिन मनाकर राहगीरों...

Birthday Celebration On Road : सूरजपुर: बीच सड़क पर जन्मदिन मनाकर राहगीरों को डराने वाले 7 युवक गिरफ्तार; पुलिस ने कोतवाली से कोर्ट तक निकाला पैदल जुलूस

Birthday Celebration On Road : बिश्रामपुर। सूरजपुर जिले के अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर सरेआम यातायात रोककर और आतिशबाजी कर हुड़दंग मचाने वाले सात आरोपितों को लटोरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 16 फरवरी की रात सोनवाही स्थित एक रेस्टोरेंट के सामने इन युवकों ने अपनी गाड़ियां तिरछी खड़ी कर रास्ता जाम कर दिया था और बीच सड़क पर पटाखे फोड़ते हुए जन्मदिन का जश्न मनाया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए यह कड़ी कार्रवाई की है।

एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के कड़े रुख के बाद गठित दो विशेष टीमों ने तकनीकी इनपुट और साइबर सेल की मदद से सभी सातों आरोपितों को अलग-अलग ठिकानों से धर दबोचा। पकड़े गए आरोपितों में अंबिकापुर के रसूखदार परिवारों के युवक शामिल हैं, जिनकी पहचान अमितेश गुप्ता, अंशुल अग्रवाल, प्रथम अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, महेश साहू, निखिल राम और लटोरी निवासी अरुण देवांगन के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से हुड़दंग में इस्तेमाल की गई दो चारपहिया वाहन भी जब्त किए हैं।

पुलिस ने शुरुआत में बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था, लेकिन जांच के दौरान सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने और यातायात नियमों के उल्लंघन को देखते हुए इसमें बीएनएस की धारा 287, 288 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 व 201 भी जोड़ दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने या जश्न के नाम पर जनता को परेशान करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी।

शनिवार दोपहर इस मामले में एक अलग नजारा देखने को मिला। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपितों को कोतवाली से जिला एवं सत्र न्यायालय तक पैदल ले जाकर पेश किया। बीच शहर से निकले इस जुलूस को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस की इस “पैदल परेड” को जनता के बीच कानून का इकबाल कायम करने और भविष्य में ऐसी हिमाकत करने वालों को चेतावनी देने के तौर पर देखा जा रहा है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here