रायपुर। Raipur Medical Update: राजधानी रायपुर के सबसे बड़े शासकीय डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में इलाज कराने वाले मरीजों के लिए एक जरूरी सूचना है। दीपावली और गोवर्धन पूजा के सार्वजनिक अवकाश के कारण आज रविवार (8 नवंबर) और सोमवार (9 नवंबर) को अस्पताल का बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) बंद रहेगा। हालांकि, मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल की आपातकालीन (इमरजेंसी) सेवाएं 24 घंटे निर्बाध रूप से चालू रहेंगी।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने त्योहारी सीजन के मद्देनजर चिकित्सा व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने आपातकालीन विभाग के सभी डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मचारियों को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा है। इसके साथ ही, किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं, इंजेक्शनों और अन्य चिकित्सा सामग्रियों का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को समय पर उचित उपचार मिल सके।
10 नवंबर से फिर शुरू होगी नियमित OPD
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, 8 और 9 नवंबर को अवकाश के चलते ओपीडी बंद रहने के बाद मंगलवार, 10 नवंबर 2026 से नियमित ओपीडी सेवाएं अपने निर्धारित समय पर पुनः संचालित होने लगेंगी। जो मरीज डॉक्टर से नियमित चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहते हैं, वे 10 नवंबर से अस्पताल पहुंचकर ओपीडी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
