Recipe: सुबह के नाश्ते में ट्राई करें चावल के सॉफ्ट खींचू गट्टे, तिल का तड़का बढ़ा देगा स्वाद; जानें आसान रेसिपी

News Desk

अगर सुबह के नाश्ते में कुछ अलग और चटपटा खाने का मन है, तो गुजराती स्टाइल खींचू गट्टे बना सकते हैं। चावल के आटे और मसालों से तैयार होने वाली यह डिश भाप में पकाई जाती है और आखिर में तिल का तड़का लगाया जाता है। ऊपर से नींबू का रस डालने पर इसका स्वाद और भी अच्छा हो जाता है। इसे नाश्ते या शाम की चाय के साथ हरी चटनी के साथ परोस सकते हैं।

खींचू गट्टे बनाने के लिए सामग्री

इस रेसिपी के लिए चावल का आटा, पौने दो कप पानी, नमक, अदरक-मिर्च का पेस्ट, जीरा, अजवाइन, सफेद तिल और थोड़ा तेल लें। इसके अलावा एक चुटकी बेकिंग सोडा, कटा हरा धनिया, चिली फ्लेक्स, कश्मीरी लाल मिर्च और एक चम्मच नींबू का रस चाहिए।

मसालेदार पानी में पकाएं चावल का आटा

सबसे पहले कड़ाही में पानी गर्म करें। इसमें नमक, अदरक-मिर्च का पेस्ट, जीरा, अजवाइन, सफेद तिल और थोड़ा तेल डालकर करीब पांच मिनट उबालें। अब बेकिंग सोडा और हरा धनिया मिलाएं। आंच धीमी करके चावल का आटा धीरे-धीरे डालें और लगातार चलाते रहें, ताकि गांठें न बनें। मिश्रण गाढ़ा होकर आटे जैसा हो जाए, तो गैस बंद कर दें और कड़ाही को करीब 10 मिनट ढककर रखें।

आटे के रोल बनाकर भाप में पकाएं

मिश्रण थोड़ा ठंडा होने पर हाथों में हल्का तेल लगाकर उसे अच्छी तरह मसल लें। अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर लंबे रोल तैयार करें। इन्हें स्टीमर में रखकर भाप में अच्छी तरह पकाएं। पकने के बाद रोल को बाहर निकालें और ठंडा होने पर छोटे गोल टुकड़ों में काट लें।

तिल का तड़का लगाकर करें तैयार

कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करके सफेद तिल डालें। तिल चटकने लगें, तो गट्टे डालकर हल्के हाथ से मिलाएं। अब स्वादानुसार नमक, चिली फ्लेक्स, कश्मीरी लाल मिर्च और हरा धनिया डालें। आखिर में नींबू का रस मिलाकर गैस बंद कर दें। गरमा-गरम खींचू गट्टे हरी चटनी के साथ परोसें।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *