शहडोल। Shahdol Crime Prevention: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में धनतेरस और दीपावली के पावन पर्व को देखते हुए बाजारों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और शातिर चोरों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। त्योहारी सीजन की चमक-दमक के बीच महिलाओं के गहनों और पर्स पर नजर गड़ाए बैठे जेबकतरों और उचक्कों पर नकेल कसने के लिए कोतवाली पुलिस की विशेष महिला ब्रिगेड बाजार में उतर चुकी है। यह महिला पुलिस टीम भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखेगी।
त्योहारी बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों से सजी दुकानों से लेकर कपड़े और बर्तन की दुकानों तक खरीदारों का तांता लगा रहता है। इसी भारी भीड़ और धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर मंगलसूत्र, सोने की चेन और पर्स उड़ाने वाले सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे में आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने सामान्य गश्त के अलावा महिला पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम तैयार की है, जो बाजारों में घूमकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही है।
Read More : Himesh Reshammiya Interview: क्लब में रोते दोस्त को देखकर जन्मा सुपरहिट गाना, सिंगर ने सुनाया अनसुना किस्सा
कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित इस विशेष महिला ब्रिगेड में चार महिला पुलिसकर्मियों के साथ एक पुलिस अधिकारी या विवेचक को शामिल किया गया है। सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत करने के लिए यह टीम दो शिफ्टों में तैनात रहेगी। पहली शिफ्ट सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक और दूसरी शिफ्ट शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक संचालित होगी। बाजार में खरीदारों की भीड़ अधिक होने पर गश्त के समय को और बढ़ाया भी जा रहा है।
पुलिस की यह रणनीति केवल सामान्य गश्त तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर बाजार में दो और अतिरिक्त दल गठित करने की योजना है, जिसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की जा रही है। थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य त्योहारी खरीदारी के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को पूरी तरह सुनिश्चित करना और चोरी की घटनाओं को जड़ से खत्म करना है।