Raipur Land Fraud: रायपुर में जमीन के नाम पर 51 लाख की ठगी! मालिकाना हक नहीं, फिर भी कर लिया सौदा; आरोपी पर FIR दर्ज

Sanjay Sahu
Raipur Land Fraud

Raipur Land Fraud: रायपुर। राजधानी के मोवा इलाके में जमीन बेचने के नाम पर 51 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि वैष्णव तांडी ने जमीन का मालिक होने का दावा करते हुए सचिन सिंह सलूजा के साथ विक्रय इकरारनामा किया और अलग-अलग किस्तों में 51 लाख रुपये अग्रिम के तौर पर ले लिए। बाद में शिकायतकर्ता को पता चला कि संबंधित जमीन का स्वामित्व आरोपी के नाम पर नहीं है और जमीन को लेकर पहले से न्यायालय में विवाद चल रहा है। शिकायत की जांच के बाद पंडरी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

एक जुलाई 2025 को हुआ था इकरारनामा

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, गुढ़ियारी स्थित साम्राज्य रेजीडेंसी निवासी सचिन सिंह सलूजा मोवा क्षेत्र की करीब 0.405 हेक्टेयर जमीन खरीदना चाहते थे। इसी सिलसिले में उनकी वैष्णव तांडी से बातचीत हुई। इसके बाद एक जुलाई 2025 को गवाहों की मौजूदगी में नोटरीकृत विक्रय इकरारनामा किया गया।

आरोप है कि इकरारनामा में वैष्णव ने जमीन को खुद की खरीदी हुई और विवादरहित बताया था। इन दावों पर भरोसा करके सचिन ने अलग-अलग समय पर कुल 51 लाख रुपये अग्रिम राशि के रूप में दे दिए। शिकायतकर्ता ने भुगतान के समर्थन में बैंक से जुड़े दस्तावेज होने की बात भी कही है।

जमीन पर पहले से चल रहा था न्यायालय में विवाद

शिकायतकर्ता के अनुसार, रकम देने के बाद उसे जानकारी मिली कि संबंधित जमीन को लेकर देशपाल रायजादा और वीरेंद्र रायजादा के बीच रायपुर न्यायालय में सिविल प्रकरण लंबित है। बताया गया है कि यह मामला वर्ष 2024 से चल रहा है।

इसके बाद जमीन के वास्तविक स्वामित्व को लेकर संदेह बढ़ गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वैष्णव तांडी ने संबंधित जमीन स्वयं खरीदी नहीं थी और उसका मालिकाना हक भी उनके नाम पर दर्ज नहीं हुआ था। इसके बावजूद जमीन का मालिक बताकर सौदा किया गया और लाखों रुपये ले लिए गए।

रकम वापस मांगने पर टालमटोल का आरोप

Raipur Land Fraud: सचिन सिंह सलूजा का कहना है कि जमीन के सौदे पर संदेह होने के बाद उन्होंने विक्रय इकरारनामा के संबंध में सार्वजनिक सूचना प्रकाशित कर आपत्तियां आमंत्रित कीं। वहीं, रकम वापस मांगने पर आरोपी द्वारा कथित तौर पर टालमटोल की जाती रही और पैसे नहीं लौटाए गए। मामले में शिकायत की जांच के बाद पंडरी थाना पुलिस ने आरोपी वैष्णव तांडी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। अब मामले में पुलिस की आगे की जांच और कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *