MP News: धार में भीषण सड़क हादसा, पेड़ से टकराकर खाई में पलटी कार; दो युवकों की मौत, चार घायल

Anuj Nirala

MP News: मध्य प्रदेश के धार जिले में आधी रात को हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। सभी कार सवार इंदौर से राजस्थान के सांवलिया जी मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। बदनावर क्षेत्र में इंदौर-अहमदाबाद मार्ग पर कानवन थाना क्षेत्र के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और खाई में पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें फंसे लोगों को निकालने के लिए राहत दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

होटल के सामने हुआ हादसा

यह दुर्घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे कानवन के पास होटल नींबू मिर्ची के सामने हुई। कार का नंबर MP 42 ZF 3109 बताया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गाड़ी चला रहे अंकुर को नींद की झपकी आ गई थी। इससे कार पर नियंत्रण बिगड़ गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद खाई में पलट गई।

कार में बुरी तरह फंस गए थे लोग

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। चालक अंकुर अपनी सीट पर बुरी तरह फंस गया था। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112, 108 एंबुलेंस और टोल प्लाजा की एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए राहत दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। वाहन के हिस्सों को काटकर मृतकों और घायलों को बाहर निकाला गया।

Read more: Bhopal Police VIP Treatment Controversy: हथकड़ी लगे आरोपी को पुलिस की ‘खातिरदारी’, कोर्ट परिसर के बाहर सिगरेट के कश और मोबाइल पर गपशप

दो युवकों की मौत, चार घायल

इस हादसे में अंकुर (30) और रोहित कुमार (32), निवासी शाजापुर, की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार अन्य चार युवक भी घायल हुए हैं। घायलों की पहचान मिथिलेश, निवासी भागीरथपुरा, इंदौर; मोहित, निवासी इंदौर; दिगक्षेण कुमार, निवासी इंदौर; और हिमांशु, निवासी इंदौर के रूप में बताई गई है।

गंभीर हालत में इंदौर रेफर

हादसे के बाद सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर मिलने पर मृतकों के परिजन बदनावर पहुंचे। रविवार दोपहर कानवन पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर दोनों शव परिजनों को सौंप दिए।

Read More: Indore Politics News: पार्षद कुणाल सोलंकी पर भाजपा प्रवक्ता के गंभीर आरोप, 200 रुपए रोज वसूली और अवैध कॉलोनी का दावा

पुलिस ने शुरू की जांच

कानवन थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है। हालांकि, दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share The News
Share This Article
2 Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *