धार। Nishaanebaz.com-Dhar Liquor Mafia Goondaism: मध्य प्रदेश के धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र से शराब माफियाओं की बेखौफ गुंडागर्दी और दबंगई का एक दहला देने वाला मामला सामने आया है। अवैध शराब तस्करी की मुखबिरी के शक में बेखौफ बदमाशों ने एक निर्दोष युवक का दिनदहाड़े उसके घर के पीछे से अपहरण कर लिया। बदमाशों ने गाड़ी में करीब 4 घंटे तक घुमाते हुए लोहे की रॉड और प्लास्टिक के पाइपों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। हद तो तब हो गई जब बदमाशों को एक वीडियो कॉल पर तस्कर का फरमान मिला— “इसे मारो, ये मुखबिरी करता है।” पुलिस की बढ़ती दबिश और धरपकड़ के डर से आखिरकार आरोपी पीड़ित को धामनोद थाने के ठीक सामने फेंककर फरार हो गए।
घर के पीछे से उठाया, मोबाइल और जेवर भी लूटे
पीड़ित दुलीचंद जगदाले, जो धामनोद थाना क्षेत्र के साला पुनर्वास का रहने वाला है, ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह इंदौर से लौटकर अपने घर पर सो रहा था। दोपहर करीब 12 बजे जब वह नहाने के बाद घर के पीछे अपने दोस्तों के साथ बैठा था, तभी ठेकेदार की एक बोलेरो गाड़ी वहां आकर रुकी। गाड़ी में 15 से 20 बदमाश सवार थे, जो बिना कोई बात किए उसे जबरन खींचकर गाड़ी में पटक कर ले गए।
पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने रास्ते में उसका मोबाइल फोन छीन लिया, साथ ही उसकी दो अंगूठी, गले की चैन और पर्स में रखे रुपए भी लूट लिए। इस पूरी वारदात में अमित बंजारा (दूधी), राजू सरकारी (महेश्वर), धामनोद बाईपास वाइन शॉप का सेल्समैन राहुल, रोहित, सुनील और अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं।
सीसीटीवी कैमरे बंद कर दी यातनाएं, वीडियो कॉल पर मिला आदेश
दुलीचंद ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि अपहरण के बाद उसे सबसे पहले गुलझरा वाइन शॉप ले जाया गया, जहां अंदर ले जाकर दुकान के सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए ताकि कोई सुराग न बचे। इसके बाद उसे महेश्वर रोड, सहस्त्रधारा रोड और मंडी रोड होते हुए फिर से पुनर्वास क्षेत्र में घुमाया गया। इस दौरान बदमाशों ने उसे लोहे की रॉड और प्लास्टिक के पाइपों से जमकर पीटा। क्रूरता की सारी हदें तब पार हो गईं जब राजू सरकारी के साले ने उस पर चाकू अड़ा दिया।
इसी बीच, रास्ते में आरोपियों ने खलघाट के रहने वाले प्रद्युम्न जायसवाल से वीडियो कॉल पर बात की। वीडियो कॉल पर ही प्रद्युम्न ने आदेश दिया कि— “इसे मारो, ये मुखबिरी करता है।” शराब माफियाओं को शक था कि दुलीचंद उनकी अवैध शराब के परिवहन और गाड़ियों की जानकारी पुलिस को लीक करता है।
पत्नी लगाती रही थाने में गुहार, पुलिस करती रही लोकेशन ट्रेस
इधर, पति के अपहरण की खबर मिलते ही पीड़ित की पत्नी रीना जगदाले घबराते हुए तुरंत धामनोद थाने पहुंची। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को बताया कि उनका पति पूरी तरह निर्दोष है और घर पर ही रहता है, वह किसी तरह की कोई मुखबिरी नहीं करता है। रीना थाने में न्याय की गुहार लगाती रहीं और नामजद आरोपियों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करने की मांग करती रहीं, जबकि पुलिस अधिकारी पीड़ित की मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने में व्यस्त रहे।
पुलिस की लगातार बढ़ती दबिश और चौतरफा कार्रवाई के दबाव के चलते आखिरकार बदमाशों के हौसले पस्त हो गए। डर के मारे आरोपियों ने पीड़ित दुलीचंद को धामनोद थाने के ठीक सामने चलती गाड़ी से नीचे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित के चेहरे, पीठ, कमर और पैरों पर मारपीट के गंभीर व दर्दनाक निशान हैं। पीड़ित परिवार ने धामनोद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शराब माफियाओं द्वारा इस तरह सरेआम अपहरण कर कानून की धज्जियां उड़ाने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस अब मामले में सभी आरोपियों की तलाश और उनकी गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।