Korba Crime: कोरबा। सोशल मीडिया पर रील बनाने और वायरल होने का जुनून लोगों की जान जोखिम में डाल रहा है। छत्तीसगढ़ के कोरबा से ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ युवतियां चलती कार के बोनट पर लेटकर और दरवाजों पर लटककर डांस करती नजर आ रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वाहन मालिक के खिलाफ FIR दर्ज की है।
Korba Crime: गरबा के लिए सजी सड़क पर स्टंटबाजी
जानकारी के मुताबिक, मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर का है। यहां गरबा के लिए सजी सड़क पर काले रंग की कार (CG 12 BV 6007) में सवार युवतियां खतरनाक स्टंट करती दिखाई दीं। कोई कार के बोनट पर लेटकर डांस कर रही थी, तो कोई दरवाजे पर लटककर रील बना रही थी।
इस तरह की लापरवाही न केवल कार में सवार युवतियों, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती थी।
Korba Crime: सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई। वीडियो के साथ एक कैप्शन भी वायरल हुआ, जिसमें लिखा था, “Freedom उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो।” वीडियो में युवतियां चलती कार पर जोखिम भरे अंदाज में डांस करती नजर आ रही हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
Korba Crime: पुलिस ने दर्ज की FIR, कार्रवाई जारी
कोरबा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए जांच की गई। वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर मालिक की पहचान की गई और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।