Korba Car Stunt: निशानेबाज न्यूज़ डेस्क- छत्तीसगढ़ के कोरबा में सोशल मीडिया पर Reel बनाने के लिए तीन युवतियों की खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सामने आया है। चलती कार के बोनट पर एक युवती लेटी दिखाई दे रही है, जबकि दो अन्य युवतियां कार के दोनों तरफ के दरवाजों पर लटककर डांस करती नजर आ रही हैं। गरबा ड्रेस में किए गए इस स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पहचान कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। स्टंट करने वाली युवतियों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह मामला कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में काले रंग की कार सड़क पर चलती दिखाई देती है। इसी दौरान तीन युवतियां कार के अलग-अलग हिस्सों पर खतरनाक तरीके से स्टंट करती नजर आती हैं। युवतियों ने ‘जस्ट चील चील चील’ गाने पर वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया।वीडियो के साथ एक कैप्शन भी लिखा गया था, जिसमें कहा गया कि आजादी उसी को मिलती है, जिसमें घर में गाली खाने का हौसला हो। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सड़क पर इस तरह की हरकत को लेकर नाराजगी जताई और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
बोनट पर लेटी युवती, दरवाजों पर लटककर डांस
वीडियो में एक युवती कार के बोनट पर लेटी हुई नजर आती है। वहीं, दूसरी और तीसरी युवती कार के दोनों तरफ के दरवाजों पर लटककर डांस करती दिखाई देती हैं। यह सब उस समय हो रहा था, जब कार सड़क पर चल रही थी।इस तरह की स्टंटबाजी से सिर्फ वीडियो बनाने वालों की ही नहीं, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। अचानक संतुलन बिगड़ने या कार के अनियंत्रित होने पर गंभीर हादसा हो सकता था।
कार के नंबर से हुई पहचान, मालिक पर केस दर्ज
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार की पहचान की। वीडियो में वाहन का नंबर CG 12 BV 6007 दिखाई दे रहा है। इसी नंबर के आधार पर पुलिस ने वाहन मालिक की पहचान की और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया।पुलिस के मुताबिक, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। स्टंट करने वाली युवतियों के खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Read More: Kawardha SIR Controversy: “कुवैत में बैठे पठान का नाम यहां कैसे जुड़ा?”—कवर्धा में डिप्टी सीएम विजय शर्मा के वायरल बयान से गरमाई छत्तीसगढ़ की सियासत
ASP ने बताया, दूसरों की जान भी हो सकती थी खतरे में
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर में काले रंग की कार में तीन युवतियां खतरनाक तरीके से स्टंट करती दिखाई दी थीं। चलती कार के बोनट और दोनों दरवाजों पर बैठने व लटकने से सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।पुलिस ने वीडियो के आधार पर वाहन की पहचान कर उसके मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील, Reel के लिए खतरे में न डालें जान
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने या Reel बनाने के लिए सड़क पर इस तरह के खतरनाक स्टंट न करें। कुछ सेकेंड का वीडियो किसी बड़े हादसे की वजह बन सकता है।त्योहारी सीजन में सड़कों पर लोगों और वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में चलती कार के बोनट या दरवाजों पर बैठना और लटकना गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। पुलिस ने साफ किया है कि लोगों की जान जोखिम में डालने वाली ऐसी गतिविधियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।