Rewa News: रीवा: अक्सर अपने विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में रहने वाले रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार वो अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क के लिए दिए बयान को लेकर चर्चा में है। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की मौजूदगी में सांसद जनार्दन मिश्रा ने एलन मस्क पर निशाना साधते हुए कहा कि, हिंदुस्तान के 56 इंच सीना वाले को कोई झुका नहीं सकता। इतना ही नहीं, उन्होंने यहां तक कह दिया कि दो घूंसा मारूंगा तो मस्क भाग जाएगा।
दरअसल बुधवार को रीवा में लक्ष्मण बाग ट्रस्ट की जमीन के, दोनों हिस्सों को जोड़ने के लिए, नदी पर बनने वाले ब्रिज के भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने ब्रिज का भूमिपूजन किया। इसी दौरान मंच से संबोधित करते हुए रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने एलन मस्क को लेकर अपनी बात रखी।उन्होंने कहा कि सरकार देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है.
मस्क दुनिया को खरीदते होंगे लेकिन हिंदुस्तान को खरीदने की ताकत नहीं है। सांसद ने कहा कि एलन मस्क को भारत में अपनी शर्तों पर ही आने की अनुमति होगी, उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री की शर्त पर मस्क एलाऊ है, और शर्त नहीं मानेंगे तो मस्क ठोकराऊ है, दो घूंसा मारूंगा तो मस्क भाग जाएगा, इसलिए चिंता करने की जरूरत नहीं। सांसद का यह बयान अब चर्चा का विषय बना चुका है, और सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।
