रायपुर। Nishaanebaz.com-NHAI Penalty on Agency: राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के कटघोरा-अंबिकापुर खंड पर सड़क दुर्घटना के दौरान प्रबंधन और राहत कार्यों में गंभीर लापरवाही बरतने का मामला सामने आया है। इस मामले में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित एजेंसी मेसर्स रविंद्र सिंह पर 10 लाख रुपए का भारी जुर्माना (पेनाल्टी) लगाया है। यह कार्रवाई हाईवे सुरक्षा मानकों और आपातकालीन दिशा-निर्देशों की अनदेखी किए जाने के कारण की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 12 अक्टूबर को तड़के सुबह करीब 3 बजे चोटिया टोल प्लाजा के पास दो भारी ट्रक-ट्रेलरों के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई थी। इस दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों और मलबे को समय पर सड़क से न हटाए जाने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया और मार्ग पूरी तरह से बाधित रहा। हादसे के बाद मौके पर यातायात सुचारू करने और राहत कार्य चलाने में भारी विलंब हुआ, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
घटना के बाद एनएचएआई के अधिकारियों द्वारा की गई शुरुआती जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए। जांच में पाया गया कि दुर्घटना के वक्त संबंधित एजेंसी का अधिकृत परियोजना प्रबंधक मौके पर पूरी तरह नदारद था। इसके अलावा, मौके पर क्रेन ऑपरेटर की अनुपस्थिति और रिकवरी उपकरणों के संचालन के लिए पर्याप्त ईंधन उपलब्ध न होने के कारण राहत और बचाव कार्य समय पर शुरू ही नहीं हो सका। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब दुर्घटना की सूचना देने के लिए 1033 हेल्पलाइन नंबर पर लगातार संपर्क करने के बावजूद समय पर आवश्यक सहायता या क्रेन उपलब्ध नहीं कराई जा सकी।
एनएचएआई ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर लापरवाही मानते हुए इसे दुर्घटना प्रबंधन और हाईवे पेट्रोलिंग के निर्धारित एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) और नियमों का सीधा उल्लंघन करार दिया है। प्राधिकरण ने नियमों की अवहेलना करने पर मेसर्स रविंद्र सिंह एजेंसी पर 10 लाख रुपए की पेनल्टी अधिरोपित की है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग प्राधिकरण के इस कड़े कदम से निर्माण और मेंटेनेंस एजेंसियों के बीच हड़कंप मच गया है, और यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि आपातकालीन स्थितियों में यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
