रायपुर। Nishaanebaz.com-Tikrapara Police Action: राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार और सट्टे-नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियानों के तहत टिकरापारा थाना पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) समेत कुल तीन आरोपियों को धर दबोचा है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 5 लाख 72 हजार रुपये मूल्य की प्रतिबंधित नशीली गोलियां और लाखों रुपये का अवैध गांजा बरामद किया है, जिससे नशे के सौदागरों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, टिकरापारा पुलिस को 13 अक्टूबर को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि सरजूबांधा तालाब के पास हसन कॉलोनी के पीछे एक नाबालिग अवैध रूप से नशीली गोलियों की बिक्री करने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। इस सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और सुदामा नगर निवासी नवीन दास मानिकपुरी उर्फ लड्डू (उम्र 17 वर्ष 9 माह) को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से नाइट्राजेपम की ‘नाइट्रोसन-10’ नामक 13 स्ट्रिप (कुल 130 गोलियां) और बिक्री के 500 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इसी क्रम में पुलिस ने दूसरी बड़ी कार्रवाई भाठागांव बस स्टैंड के पास पानी टंकी के नजदीक की, जहां अकबर खान (उम्र 24 वर्ष, निवासी बलौदाबाजार, हाल निवासी संजयनगर, रायपुर) को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। आरोपी अपने काले और लाल रंग के पिट्ठू बैग में अवैध गांजा भरकर बेचने की फिराक में था। बैग की तलाशी लेने पर उससे दो किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत एक लाख रुपये आंकी गई है। इस आरोपी के विरुद्ध भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की गई है।
तीसरी और अंतिम कार्रवाई भी भाठागांव बस स्टैंड स्थित सुलभ शौचालय के पास अंजाम दी गई, जहां पुलिस ने अरशद खान (उम्र 25 वर्ष, निवासी चिश्तिया नगर, टिकरापारा) को दबोचा। आरोपी नीले रंग के पिट्ठू बैग में प्रतिबंधित गांजा रखकर ग्राहक तलाश रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 2.067 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 3 हजार 350 रुपये बताई जा रही है। इस मामले में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
Read More : Tikamgarh Crime News: देवी पंडाल में मामूली कहासुनी पर खूनी संघर्ष, पड़ोसी ने तलवार से काटकर की हत्या
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन तीनों अलग-अलग मामलों में जब्त की गई नशीली गोलियों, गांजे और नकदी की कुल अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख 76 हजार 350 रुपये है। राजधानी में युवाओं को नशे की दलदल में धकेलने वाले इस तरह के अवैध कारोबारियों के खिलाफ टिकरापारा पुलिस का यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर में अपराध और नशे की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
