Raipur Crime: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सदर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में करीब 1.88 करोड़ रुपये के आभूषणों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो महिलाओं ने पहले सोने का बिस्कुट और नकदी देकर कारोबारी का भरोसा जीता, फिर करोड़ों रुपये के सोने, चांदी और हीरे के गहने लेकर चली गईं। मामले में पुलिस ने एक आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी दूसरी साथी फरार है।
पहले 37 लाख के गहने लिए, फिर किया करोड़ों का खेल
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर बाजार का है। भाठागांव निवासी रिखब बरडिया की विधि ज्वेलर्स एंड बुलियन नाम से दुकान है। शिकायत के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को किरण साहू अपनी साथी योगिता के साथ दुकान पहुंची। उसने खुद को नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत बताया और कारोबारी का विश्वास हासिल किया।
आरोप है कि दोनों महिलाओं ने इस दौरान करीब 37 लाख रुपये के आभूषण लिए। इसके बदले 250 ग्राम सोने का बिस्कुट और 7 लाख रुपये नकद दिए गए। शेष 15 लाख रुपये के भुगतान के लिए चेक दिया गया।
दो दिन बाद फिर पहुंचीं, 1.73 करोड़ के गहने ले गईं
बताया गया है कि 26 अगस्त को दोनों महिलाएं दोबारा दुकान पहुंचीं। इस बार उन्होंने करीब 1.73 करोड़ रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण लिए। भुगतान के लिए 1,73,37,630 रुपये का चेक दिया गया। साथ ही, दो-तीन दिनों के भीतर सोने के बिस्कुट देने का भरोसा दिलाया गया। लेकिन कुछ ही दिनों बाद कारोबारी को संदेह होने लगा।
गलत हस्ताक्षर से बाउंस हुआ चेक, फिर खुला मामला
शिकायतकर्ता ने 1 सितंबर को 15 लाख रुपये का चेक बैंक में जमा किया, लेकिन गलत हस्ताक्षर के कारण चेक अनादरित हो गया। इसके बाद कारोबारी ने किरण साहू से संपर्क कर भुगतान मांगा। आरोप है कि वह लगातार टालमटोल करती रही। न बकाया रकम मिली और न ही आभूषणों का भुगतान हुआ।
शिकायत के मुताबिक, दोनों महिलाओं ने कुल 1,88,37,630 रुपये के आभूषण प्राप्त किए थे। इसके बाद कारोबारी ने पुलिस से शिकायत की, जिस पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
संयुक्त टीम ने आरोपी को पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पूछताछ और पतासाजी के बाद पुलिस ने किरण साहू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपनी साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान किरण साहू (28), पति गोपाल साहू, निवासी मजदूर नगर सरोरा, थाना उरला, रायपुर के रूप में हुई है।
Raipur Crime: दूसरी महिला फरार, करोड़ों के गहनों का पता लगा रही पुलिस
Raipur Crime: मामले में दूसरी आरोपी योगिता अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। साथ ही, धोखाधड़ी से प्राप्त सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।


