रीवा। Nishaanebaz.com-Rewa Gandhi Memorial Hospital Controversy: मध्य प्रदेश के रीवा जिले से स्वास्थ्य विभाग की लचर व्यवस्था और डॉक्टरों की लापरवाही को बेनकाब करने वाली एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। शहर के बहुचर्चित शासकीय गांधी स्मारक अस्पताल (Gandhi Memorial Hospital) में प्रसूता की मौत का एक और मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कुछ दिन पहले सामने आए चर्चित कल्पना मिश्रा की मौत के मामले की गूंज अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि उसी अस्पताल में एक अन्य महिला की मौत ने पूरे चिकित्सा प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रीवा जिले के गढ़ क्षेत्र की रहने वाली रसना रजक को डिलीवरी (प्रसव) के लिए शुक्रवार को शासकीय गांधी स्मारक अस्पताल के गायनी विभाग में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया था, जिससे परिवार में खुशी का माहौल था। लेकिन इसके तुरंत बाद डॉक्टरों ने परिजनों को सूचित किया कि प्रसूता की बच्चेदानी (यूटरस) में कुछ समस्या है, जिसे निकालना जरूरी है। डॉक्टरों की सलाह पर बच्चेदानी निकालने का ऑपरेशन किया गया, जिसके कुछ ही देर बाद प्रसूता की हालत गंभीर हो गई और उसकी मौत हो गई।
परिजनों का फूटा गुस्सा, अस्पताल प्रबंधन नदारद
अचानक हुई इस अनहोनी के बाद मृतका के परिजनों का सब्र टूट गया और उन्होंने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का कहना है कि यदि महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया था और उसकी स्थिति सामान्य थी, तो आखिर किस परिस्थिति में बच्चेदानी निकालने का निर्णय लिया गया और ऑपरेशन के बाद उसकी स्थिति क्यों बिगड़ गई?
जब इस संवेदनशील मामले में अस्पताल प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो अस्पताल परिसर में कोई भी जिम्मेदार अधिकारी नजर नहीं आया। इतना ही नहीं, सीएमओ (CMO) कक्ष में भी ताला लटका हुआ मिला, जिससे अस्पताल प्रशासन की संवेदनहीनता साफ तौर पर उजागर होती है। परिजनों ने प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच कराकर लापरवाह डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।


