Rajnandgaon Rape Case: राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में इंस्टाग्राम के जरिए युवती से दोस्ती कर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और ठगी करने के आरोप में साइबर पुलिस ने गुजरात के सूरत से 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कैंसर पीड़ित होने का झांसा देकर युवती से 2 लाख 19 हजार 500 रुपये लिए थे। बाद में निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे कथित तौर पर ब्लैकमेल किया।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर जीता भरोसा
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान रौनक के रूप में हुई है। वह गुजरात के सूरत स्थित वराछा क्षेत्र के खोडियार नगर रोड की अश्विन सोसायटी-2 का निवासी बताया गया है। आरोप है कि उसने इंस्टाग्राम पर युवती से दोस्ती की और धीरे-धीरे उसका विश्वास जीत लिया। इसके बाद कैंसर से पीड़ित होने की बात कहकर उससे पैसे लिए।
होटल में बुलाकर दुष्कर्म का आरोप
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी सूरत से राजनांदगांव पहुंचा और एक निजी होटल में कमरा बुक किया। आरोप है कि उसने युवती को मिलने के बहाने होटल बुलाया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान आरोपी ने अपने मोबाइल फोन से युवती के निजी फोटो और वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिए।
पैसे मांगे तो निजी वीडियो वायरल करने की धमकी
शिकायत के मुताबिक, जब युवती को कथित ठगी का पता चला और उसने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने का आरोप है। युवती से ठगी गई रकम कुल 2 लाख 19 हजार 500 रुपये बताई गई है।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सूरत पहुंची पुलिस
युवती की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़िता के बयान के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और 351(1) भी जोड़ी गईं। एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन की मदद से गुजरात के सूरत में आरोपी को हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अपराध स्वीकार किए जाने के बाद आरोपी का मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एटीएम कार्ड जब्त किया गया। सूरत की अदालत से ट्रांजिट रिमांड लेने के बाद आरोपी को राजनांदगांव लाया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


