कोच्चि/रायपुर। Nishaanebaz.com-Kochi Supermarket Technical Glitch: किस्मत कब और कैसे बदल जाए, यह कोई नहीं जानता। ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला केरल के कोच्चि शहर के पास त्रिपुनिथुरा से सामने आया है, जहां एक साधारण सुपरमार्केट मालिक के बैंक खाते में अचानक हजारों करोड़ रुपये का बैलेंस दिखने लगा। सुबह उठते ही खाते का स्टेटस देखकर व्यापारी के होश उड़ गए और वह रातोंरात देश के सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में महसूस करने लगा। हालांकि, उसकी यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, त्रिपुनिथुरा में ‘दर्शन सुपरमार्केट’ (Darshan Supermarket) चेन के मालिक सुमेश कुमार जब सुबह सोकर उठे और उन्होंने अपना बैंक खाता चेक किया, तो उनके मोबाइल पर 3,500 करोड़ रुपये से अधिक का अकाउंट बैलेंस दिखाई दे रहा था। इतनी विशाल धनराशि देखकर जश्न मनाने या घबराने के बजाय सुमेश ने समझदारी दिखाई और तुरंत संबंधित बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क कर स्थिति का पता लगाने की कोशिश की।
जांच करने पर सुमेश को बैंक से एक संदेश मिला, जिसमें दर्शाया गया था कि उनके सुपरमार्केट में पीओएस (POS) कार्ड-स्वाइपिंग मशीनों के जरिए दो अलग-अलग ट्रांजैक्शन में 3.5-3.5 करोड़ रुपये यानी कुल 7 करोड़ रुपये खाते में जमा हुए थे। हालांकि, इस नियमित ट्रांजैक्शन अलर्ट के बावजूद बैंकिंग मोबाइल ऐप और मुख्य सर्वर में उनका कुल बैलेंस 3,500 करोड़ रुपये से अधिक प्रदर्शित हो रहा था, जिसके बारे में उन्होंने तुरंत शाखा अधिकारियों को सूचित किया।
मामला सामने आते ही बैंक की आईटी और टेक्निकल टीम तुरंत एक्शन में आ गई। जांच के बाद बैंक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह एक सिस्टम जनरेटेड ‘टेक्निकल ग्लिच’ (तकनीकी खराबी) थी। शाम होते-होते बैंक की आईटी टीम ने सर्वर एरर को दुरुस्त कर दिया और अतिरिक्त दिख रही राशि को वापस ले लिया गया। इसके बाद सुमेश का बैंक बैलेंस दोबारा उनके वास्तविक आंकड़ों पर आ गया। भले ही यह सुखद अनुभव कुछ ही घंटों का रहा, लेकिन इस घटना ने स्थानीय स्तर पर खूब सुर्खियां बटोरीं।

