Mahasamund Crime:महासमुंद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 करोड़ का गांजा पकड़ाया, 2 तस्कर गिरफ्तार

Sanjay Sahu
Mahasamund Crime

Mahasamund Crime:महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 560 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक समेत कुल 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

मुखबिर की सूचना पर की गई नाकेबंदी

पुलिस के अनुसार, जिले में लगातार वाहन चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि आयशर माजदा प्रो 3015 ट्रक क्रमांक MH 18 BG 7546 में गांजा लेकर तस्कर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास नाकेबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध ट्रक पहुंचा, जिसे रोककर तलाशी ली गई।

कैरेट के नीचे छिपाकर रखी थीं गांजे की बोरियां

तलाशी के दौरान ट्रक के डाले में कैरेट के नीचे छिपाकर रखी गई 16 बोरियों से 560 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के ब्रह्मपुर से लोड कर महाराष्ट्र के जलगांव जिले ले जाने की बात बताई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय रविन्द्र पवार (30 वर्ष) और स्वराज महाजन (25 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों महाराष्ट्र के जलगांव जिले के निवासी हैं।

करीब 3 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त

Mahasamund Crime:पुलिस ने 2 करोड़ 80 लाख रुपये के गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल ट्रक, जिसकी कीमत 15 लाख रुपये बताई गई है, और दो मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 8 हजार रुपये है, जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सिंघोड़ा थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

Share The News
Share This Article
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *