Thursday, October 8, 2026
Home Chhattisgarh Degree Girls College Protest: रायपुर के डिग्री गर्ल्स कॉलेज में छात्राओं का...

Degree Girls College Protest: रायपुर के डिग्री गर्ल्स कॉलेज में छात्राओं का प्रदर्शन, बोलीं- वॉशरूम में पानी नहीं, लाइब्रेरी में सीटें कम; NSUI ने दिया 15 दिन का अल्टीमेटम

Degree Girls College Protest
Degree Girls College Protest

Degree Girls College Protest: रायपुर। रायपुर के शासकीय डिग्री गर्ल्स कॉलेज में छात्राओं ने गुरुवार को कॉलेज की सुविधाओं को लेकर प्रदर्शन किया। NSUI के साथ छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।

छात्राओं ने सैनेटरी पैड मशीन ठीक कराने, आईडी कार्ड जारी करने, खराब पंखे और लाइट की मरम्मत, वाटर कूलर की सफाई, भवन और अन्य जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग रखी।

वॉशरूम में पानी नहीं आने की शिकायत

छात्राओं का कहना है कि कॉलेज के वॉशरूम की सफाई और पानी की व्यवस्था लंबे समय से ठीक नहीं है। B.Sc फर्स्ट सेमेस्टर की छात्रा खुशबू नायक ने बताया कि छात्राओं को 6 से 7 घंटे कॉलेज में रहना पड़ता है, लेकिन वॉशरूम की खराब व्यवस्था के कारण उन्हें परेशानी होती है। उनका कहना है कि छात्राओं के लिए लगाई गई सैनेटरी पैड मशीन भी लंबे समय से काम नहीं कर रही है।

4 हजार छात्राएं, लाइब्रेरी में सीटें कम

B.Sc फर्स्ट सेमेस्टर की छात्रा निधि साहू ने बताया कि कॉलेज में करीब 4 हजार छात्राएं पढ़ती हैं, लेकिन लाइब्रेरी में पर्याप्त सीटें नहीं हैं। इसके कारण सभी छात्राओं को पढ़ने के लिए जगह नहीं मिल पाती। उन्होंने लाइब्रेरी में नई और अपडेटेड किताबें उपलब्ध कराने की भी मांग की।

पंखे और लाइट खराब, वाटर कूलर की सफाई पर सवाल

प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने बताया कि कॉलेज के कई क्लासरूम में पंखे धीमे चलते हैं और कुछ लाइटें खराब हैं। गर्मी में पंखे ठीक से नहीं चलने के कारण कक्षाओं में बैठना मुश्किल होता है।

वहीं, छात्राओं ने वाटर कूलर की सफाई को लेकर भी शिकायत की। उनका कहना है कि अगर साफ पानी नहीं मिलेगा तो छात्राओं की सेहत पर असर पड़ सकता है।

NSUI ने दिया 15 दिन का अल्टीमेटम

NSUI जिला उपाध्यक्ष वैभव मुजेवार ने कहा कि करीब 4 हजार छात्राओं वाले कॉलेज में सुविधाओं की स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने दावा किया कि कॉलेज में सिर्फ दो वॉशरूम हैं। इनमें एक में दरवाजे की समस्या है, जबकि दूसरे में पानी की व्यवस्था ठीक नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि सैनेटरी पैड मशीन पिछले 6-7 महीने से खराब है।

Degree Girls College Protest: उन्होंने कहा कि छात्राओं की समस्याओं का समाधान 15 दिन के भीतर नहीं हुआ तो NSUI दोबारा प्रदर्शन करेगा और प्राचार्य कार्यालय के सामने धरना दिया जाएगा। वैभव मुजेवार ने कहा कि छात्राओं की समस्याओं को लेकर NSUI जल्द ही कॉलेज बचाओ अभियान शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि सरकारी कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं की कमी गंभीर विषय है। यदि तय समय में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here