Saturday, October 3, 2026
Home Chhattisgarh Sarangarh News:अधिकारी पर FIR: महिला सफाई कर्मियों से अकेले मिलने और ‘खुश...

Sarangarh News:अधिकारी पर FIR: महिला सफाई कर्मियों से अकेले मिलने और ‘खुश करने’ का दबाव बनाने का आरोप, जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई

Sarangarh News
Sarangarh News

Sarangarh News:सारंगढ़। नगर पंचायत बिलाईगढ़ के तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) यशवंत देवांगन के खिलाफ महिला सफाई कर्मियों से कथित छेड़छाड़, लैंगिक उत्पीड़न और सरकारी दस्तावेजों में कूटरचना के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। बिलाईगढ़ पुलिस ने एसडीएम कार्यालय के कर्मचारी मोहन लाल साहू की शिकायत पर 1 अक्टूबर को मामला दर्ज किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75(1) और 336(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।

महिला सफाई कर्मियों ने लगाए गंभीर आरोप

शिकायत और प्रारंभिक जांच के दौरान महिला सफाई कर्मियों ने तत्कालीन सीएमओ पर अमर्यादित व्यवहार करने के आरोप लगाए। महिलाओं का आरोप है कि अधिकारी कथित तौर पर उनसे द्विअर्थी बातें करता था। एक महिला ने आरोप लगाया कि उसे अकेले मिलने और अधिकारी को ‘खुश करने’ के लिए दबाव बनाया जाता था। इसके अलावा कंधे पर हाथ रखने और कथित अश्लील हरकत करने के आरोप भी लगाए गए हैं।

शिकायत वापस लेने का दबाव

महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत सामने आने के बाद उन पर इसे वापस लेने का दबाव बनाया गया। शिकायत वापस नहीं लेने पर नौकरी से हटाने की कथित धमकी दिए जाने की बात भी जांच के दौरान सामने आई है।

एसडीएम की जांच में गंभीर आरोपों का उल्लेख

मामले की शिकायत के बाद एसडीएम के निर्देश पर 27 अगस्त को जांच दल गठित किया गया था। टीम ने संबंधित महिला सफाई कर्मियों और अधिकारियों के बयान दर्ज किए। जांच दल ने 10 सितंबर को अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसमें तत्कालीन सीएमओ के खिलाफ लगाए गए आरोपों को गंभीर बताते हुए लैंगिक उत्पीड़न, छेड़छाड़, कूटरचना और अनुशासनहीनता से संबंधित तथ्यों का उल्लेख किया गया।

पीआईसी एजेंडे में बदलाव का भी आरोप

मामले में सरकारी दस्तावेजों में कथित कूटरचना का आरोप भी लगाया गया है। शिकायत के अनुसार, पीआईसी की बैठक के पूर्व निर्धारित एजेंडे में क्रमांक 21 पर वार्ड क्रमांक 3 में पचरी निर्माण पर चर्चा प्रस्तावित थी। आरोप है कि बाद में इसमें बदलाव कर महिला स्व-सहायता समूह का अनुबंध समाप्त करने से संबंधित प्रस्ताव दर्ज कर दिया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष और परिषद लिपिक के बयानों के आधार पर जांच रिपोर्ट में इस मामले का भी उल्लेख किया गया है।

8.96 लाख रुपये के भुगतान का जिक्र

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि महिलाओं की शिकायत के बाद 27 अगस्त को महिला स्व-सहायता समूह की 8 लाख 96 हजार रुपये की लंबित राशि का भुगतान किया गया। हालांकि, ‘वूमेन फॉर ट्री’ योजना से संबंधित राशि अब भी लंबित होने की बात सामने आई है।

Sarangarh News:पुलिस ने शुरू की विवेचना

Sarangarh News:एसडीएम की जांच रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर बिलाईगढ़ पुलिस ने तत्कालीन सीएमओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब मामले से जुड़े दस्तावेज, बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here