CG News: मोहम्मद याकुब\धरसीवां। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को ग्राम पंचायत धरसीवां में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की ओर से क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों, मितानिन बहनों, स्वच्छता दीदियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और विभिन्न संस्थानों में सेवा देकर सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों का सम्मान किया गया। सभी सम्मानित लोगों को श्रीफल और शाल भेंट कर उनके योगदान के प्रति सम्मान प्रकट किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। इस दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ अंगदान को लेकर भी लोगों को जानकारी दी गई। आयोजन का उद्देश्य समाज के लिए लंबे समय से सेवाएं दे रहे लोगों के योगदान को सम्मान देना और युवा पीढ़ी को उनके अनुभवों से जोड़ना रहा।
बुजुर्गों ने युवाओं को दिया नशे से दूर रहने का संदेश
सम्मान समारोह में क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए समाज में बढ़ रहे नशे और दुर्व्यसन को लेकर चिंता जताई। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, बुजुर्गों का सम्मान करने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
बुजुर्गों ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा, स्वच्छता और आपसी जिम्मेदारी को प्राथमिकता देना जरूरी है। युवा पीढ़ी अगर अच्छी शिक्षा के साथ अपने कर्तव्यों को समझे और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहे तो समाज को बेहतर दिशा दी जा सकती है।
सरपंच साहिल खान ने कहा- ऐसे आयोजन आगे भी होंगे
ग्राम पंचायत धरसीवां के सरपंच साहिल खान ने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से बुजुर्गों का आशीर्वाद और उनके जीवन के अनुभव जानने-समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मितानिन बहनें, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वच्छता दीदियां लगातार पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ लोगों की सेवा कर रही हैं। ऐसे कर्मठ लोगों का सम्मान करना ग्राम पंचायत के लिए गर्व की बात है।सरपंच ने कहा कि क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में क्षेत्र के पूर्व जनपद सदस्य एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश यादव, जनपद सदस्य एवं सभापति श्रीमती पूजा अश्वनी वर्मा, सरपंच साहिल खान, उपसरपंच ललित साहू, भूपेंद्र कसार, पूर्व सरपंच श्रीमती सुलताना वहीदा सहित ग्राम पंचायत धरसीवां के पंचगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






