Lormi News:लोरमी। स्थानीय विधायक एवं उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव आज सेवा संकल्प अभियान के तहत लोरमी के आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित आंगन मिलन उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने नन्हें बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर खेला और उनके साथ घुल-मिलकर स्नेह-दुलार से बातें की। बच्चों के साथ बिताए इन पलों में श्री साव का सहज और आत्मीय अंदाज नजर आया। उन्होंने बच्चों को मिठाई और खिलौने भी दिए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम में अन्नप्राशन एवं गोदभराई की रस्म संपन्न हुई। आंगनबाड़ी परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर एवं कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। वहीं आंगन उत्सव में नन्हें बच्चों ने लाल टमाटर बड़े मजेदार, आंगनबाड़ी जाएंगे और आलू कचालू बेटे कहां गए थे जैसे बाल गीत सुनाए। बच्चों की मासूम प्रस्तुतियों और खिलखिलाहट से पूरा आंगनबाड़ी परिसर खुशनुमा हो गया।
सुपोषण चौपाल में बच्चों और माताओं के पोषण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। श्री साव ने कहा कि स्वस्थ और सुपोषित बचपन ही मजबूत भविष्य की नींव है। माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में राज्य सरकार हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा अभियान के माध्यम से पोषण को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
Lormi News:प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने भी ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इस पहल की प्रशंसा की है। श्री साव ने कहा कि बच्चों के बेहतर पोषण के लिए सरकार के प्रयासों के साथ परिवार और समाज की भागीदारी भी जरूरी है।






