Mahasamund News: महासमुंद। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायपाली पुलिस ने शराब तस्करी के एक कथित संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने नकली होलोग्राम और छत्तीसगढ़ स्टेट के फर्जी लेबल लगाकर शराब की तस्करी और बिक्री करने के आरोप में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 3229 लीटर 860 मिलीलीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। जब्त शराब की कीमत करीब 22.15 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, यह नेटवर्क महासमुंद के अलावा सारंगढ़, रायगढ़ और जांजगीर क्षेत्र तक फैला हुआ था। जांच के दौरान शराब की बोतलों पर लगे होलोग्राम और लेबल संदिग्ध पाए गए। आबकारी विभाग की जांच में इनके नकली होने की पुष्टि होने के बाद मामले में फर्जीवाड़े और संगठित अपराध से जुड़ी धाराएं भी जोड़ी गईं।
डस्टर कार और कंटेनर से मिली भारी मात्रा में शराब
पुलिस ने डस्टर कार क्रमांक CG 04 PS 3481 की तलाशी में 25 पेटियों में रखी 1192 पौव्वा गोवा अंग्रेजी शराब बरामद की। इसकी मात्रा 214 लीटर 560 मिलीलीटर और कीमत करीब 1,43,040 रुपये बताई गई है।
इसके अलावा कंटेनर ट्रक क्रमांक HR-13-X-3220 से 345 पेटी गोवा अंग्रेजी शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 48-48 पौव्वे थे। पुलिस के अनुसार इसकी कुल मात्रा 2980 लीटर 800 मिलीलीटर और कीमत करीब 19,87,200 रुपये है।
वहीं, आरोपी अमित पटेल के कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की 46 बोतल अंग्रेजी शराब भी बरामद की गई। इसकी कुल मात्रा 34 लीटर 500 मिलीलीटर बताई गई है। पुलिस के अनुसार तीनों बरामदगी को मिलाकर कुल 3229 लीटर 860 मिलीलीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 22,15,120 रुपये है।
नकली होलोग्राम और फर्जी लेबल की जांच
जांच के दौरान शराब की बोतलों पर लगे होलोग्राम और लेबल को लेकर पुलिस को संदेह हुआ। आबकारी विभाग की जांच में इनके नकली होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने नकली होलोग्राम, लेबल, बोतल और शराब की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने हरियाणा से धीरज आहूजा को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, वह नकली होलोग्राम, लेबल, बोतल और शराब से जुड़े सामान की सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।
थोक खरीदार से सप्लायर तक कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, अजित पटेल और अमित पटेल कंटेनर से आने वाली अवैध शराब के थोक खरीदार बताए गए हैं। राजेश पटेल पर स्थानीय स्तर पर शराब की थोक बिक्री से जुड़े होने का आरोप है। वहीं विनय सिंह ठाकुर रायगढ़ क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के नेटवर्क से जुड़ा बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक धीरज आहूजा फर्जी होलोग्राम, लेबल, बोतल और शराब के कंटेनर उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क से जुड़ा था। जांच में नेटवर्क के दूसरे राज्यों तक फैले होने के संकेत भी मिले हैं।
50 लाख से ज्यादा की संपत्ति जब्त
शराब के अलावा पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल वाहनों और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
3229.860 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब – 22,15,120 रुपये
डस्टर कार – करीब 3 लाख रुपये
कंटेनर ट्रक – करीब 10 लाख रुपये
क्रेटा कार – करीब 15 लाख रुपये
3 मोबाइल फोन – करीब 15 हजार रुपये
पुलिस के मुताबिक जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 50,30,120 रुपये है।
सात आरोपियों तक पहुंची जांच
मामले में पुलिस ने पहले राजेश पटेल, अजित पटेल, अमित पटेल, विनय सिंह ठाकुर और धीरज आहूजा को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 25 सितंबर 2026 को आयुस महापात्र और स्वरूप सिंह सलूजा को भी गिरफ्तार किया गया।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली होलोग्राम और फर्जी लेबल कहां तैयार किए जाते थे, शराब का वास्तविक स्रोत क्या था और इसे किन-किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और शराब की सप्लाई के पूरे रूट की भी जांच कर रही है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
Mahasamund News: सरायपाली थाने में अपराध क्रमांक 264/2026 के तहत धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट तथा धारा 111(2), 338, 336(3), 340(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक अवैध शराब के स्रोत, परिवहन, बिक्री और नकली होलोग्राम तैयार करने वाले नेटवर्क की जांच जारी है।






