Indresh Upadhyay: रायपुर। कथावाचक आचार्य इन्द्रेश उपाध्याय रायपुर प्रेस क्लब पहुंचे, जहां उन्होंने SIR, Gen-Z आंदोलन, मंदिरों में VIP दर्शन, राजनीति और धर्म के संबंध तथा गौ राष्ट्र की मांग जैसे मुद्दों पर अपनी राय रखी। SIR को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि जब किसी मामले में दो पक्ष होते हैं तो हारने वाला अपनी बात रखता रहता है। उन्होंने राजनीतिक दलों द्वारा चुनाव में हार के बाद EVM, वोटिंग मशीन या बूथ में गड़बड़ी के आरोप लगाने का भी जिक्र किया।
Indresh Upadhyay: उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर भी अपनी टिप्पणी की और कहा कि इतने वर्षों से कोई व्यक्ति प्रधानमंत्री बना हुआ है तो उनके अनुसार यह प्रकृति की स्वीकृति का संकेत है। यह उनका व्यक्तिगत विचार है।
मंदिरों में VIP दर्शन पर बोले- व्यवस्था ऐसी हो कि आम श्रद्धालुओं को परेशानी न हो
मंदिरों में VIP दर्शन की व्यवस्था पर आचार्य इन्द्रेश ने कहा कि तिरुपति बालाजी जैसे मंदिरों में VVIP लोगों को भी दर्शन के लिए इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अन्य मंदिरों में भी ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि आम श्रद्धालुओं के बीच भेदभाव की स्थिति न बने।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी व्यक्ति की मौजूदगी से भगदड़ या सुरक्षा संबंधी स्थिति बनने की आशंका हो तो उसके लिए अलग दर्शन की व्यवस्था की जा सकती है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी कई स्थानों पर आम श्रद्धालुओं के बीच खड़े होकर दर्शन करते हैं।
राजनीति और धर्म के रिश्ते पर रखी राय
राजनीति में धर्म के प्रवेश को लेकर आचार्य इन्द्रेश ने कहा कि राजनीति में धर्म होना चाहिए, लेकिन धर्म में राजनीति नहीं होनी चाहिए। उनके मुताबिक राजनीति को धर्म के मूल्यों से दिशा मिल सकती है, लेकिन धार्मिक मंचों और कथाओं का इस्तेमाल राजनीतिक हित साधने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कई बार राजनेता धार्मिक आयोजनों और कथाओं के भाव को अपने राजनीतिक हित से जोड़ने की कोशिश करते हैं, जिसे उन्होंने उचित नहीं बताया।
गौ राष्ट्र की मांग पर बोले- गौवंश संरक्षण जरूरी
Indresh Upadhyay: गौ राष्ट्र बनाने की मांग को लेकर आचार्य इन्द्रेश ने कहा कि भारत में लंबे समय से कृषि और खाद के लिए गौवंश का उपयोग होता रहा है। उन्होंने गौवंश के संरक्षण पर जोर देते हुए दावा किया कि देश में गौवंश की संख्या लगातार चिंता का विषय है और बड़ी संख्या में गायों को काटे जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि संत लगातार गौवंश संरक्षण की बात उठा रहे हैं और इस विषय पर समाज को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
Gen-Z आंदोलन पर बोले- शक्ति का इस्तेमाल सही दिशा में होना चाहिए
Gen-Z आंदोलन को लेकर आचार्य इन्द्रेश ने कहा कि जब किसी व्यक्ति या समूह के पास शक्ति आती है तो उसका इस्तेमाल सही तरीके से किया जाना चाहिए। उन्होंने बिजली का उदाहरण देते हुए कहा कि 440 वोल्ट की बिजली से प्रकाश किया जा सकता है, लेकिन उसका इस्तेमाल किसी को नुकसान पहुंचाने के लिए नहीं होना चाहिए।
Indresh Upadhyay: उन्होंने कहा कि Gen-Z आंदोलन को देश ने देखा है, लेकिन इसी दौरान राम मंदिर और सनातन धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी सामने आई हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों का भी जिक्र किया। आचार्य इन्द्रेश ने कहा कि जब किसी व्यक्ति के पास जरूरत से ज्यादा शक्ति आ जाती है तो उसके व्यवहार और भाषा में बदलाव आ सकता है। इसलिए शक्ति का इस्तेमाल संयम और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए।






