Wednesday, September 23, 2026
Home Chhattisgarh Raipur News: रोजी-रोटी पर संकट! भाठागांव में सब्जी दुकानदारों को हटाने पहुंची...

Raipur News: रोजी-रोटी पर संकट! भाठागांव में सब्जी दुकानदारों को हटाने पहुंची निगम टीम, कार्रवाई के दौरान हंगामा

Raipur News:
Raipur News:

Raipur News:रायपुर। भाठागांव बाजार के पास सड़क किनारे सब्जी दुकानें हटाने पहुंची नगर निगम की टीम और व्यापारियों के बीच बुधवार सुबह विवाद हो गया। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध करते हुए व्यापारी निगम कर्मचारियों के सामने आ गए। इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को चोटें आने की बात भी सामने आई है।

घटना के बाद नगर निगम के राजस्व विभाग की ओर से पुरानी बस्ती थाने में लिखित शिकायत दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया।

कार्रवाई के दौरान धक्कामुक्की का आरोप

जानकारी के मुताबिक, निगम की टीम सड़क किनारे लगने वाली सब्जी दुकानों को हटाने के लिए पहुंची थी। इसी दौरान गुंजा सोनकर, छवीलाल सोनकर, वासु सोनकर समेत अन्य लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया। निगम की ओर से आरोप लगाया गया है कि इस दौरान गाली-गलौज, धक्कामुक्की और मारपीट की गई, जिसमें कुछ अधिकारी-कर्मचारियों को चोटें आईं और शासकीय कार्य में बाधा पहुंची।

वहीं, व्यापारियों का आरोप है कि निगम की टीम ने कार्रवाई के दौरान उनके साथ धक्कामुक्की और मारपीट की। व्यापारियों का कहना है कि वे खुद अपना सामान हटाने के लिए तैयार थे और निगम कर्मचारियों से कुछ समय देने की मांग कर रहे थे। हालांकि, व्यापारियों ने निगम कर्मचारियों के साथ मारपीट करने से इनकार किया है।

कई सालों से सब्जी बेच रहे व्यापारी

सब्जी व्यापारियों का कहना है कि भाठागांव बाजार उनकी रोजी-रोटी का मुख्य जरिया है। उनका दावा है कि वे कई वर्षों से यहां सब्जी बेचने के लिए आते हैं और सुबह करीब 3 बजे से बाजार में पहुंचकर दुकान लगाते हैं। व्यापारियों का सवाल है कि अगर उन्हें यहां से हटाया जाता है तो उनके सामने रोजगार का संकट खड़ा हो जाएगा।

Raipur News: निगम ने कार्रवाई जारी रखने की बात कही

Raipur News: नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में अतिक्रमण हटाने और सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित करने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। निगम ने शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है। वहीं, नागरिकों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के दौरान हुई कथित मारपीट के संबंध में दोनों पक्षों के आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here