Janjgir-Champa Crime: जांजगीर-चांपा। पुलिस चौकी नैला की टीम ने नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में कार्रवाई करते हुए उसे करीब 7 महीने बाद सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में आरोपी सुनील कुमार गौतम उम्र 20 वर्ष, निवासी कापन, चौकी नैला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
31 जनवरी को दर्ज हुई थी रिपोर्ट
पुलिस के मुताबिक 31 जनवरी 2026 को नाबालिग बालिका के अपहरण की शिकायत पुलिस चौकी नैला, थाना जांजगीर में दर्ज कराई गई थी। मामले में धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना पर मिली सफलता
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से बालिका के आरोपी के कब्जे में होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार गौतम को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अनाचार का मामला सामने आया
पुलिस के अनुसार पूछताछ और पीड़िता के कथन के दौरान आरोपी द्वारा अनाचार किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद मामले में अनाचार और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराएं जोड़ी गईं। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
Janjgir-Champa Crime: यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक लक्ष्मी साहू, सउनि नरेंद्र शुक्ला, सउनि सफी उल्लाह खान, प्रधान आरक्षक राजमणि द्विवेदी, आरडीके साहू, संतोष प्रधान सहित थाना स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।






