Betul News: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। एसपी वीरेंद्र जैन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत बीजादेही पुलिस ने ग्राम ढोढरामऊ में गांजे की अवैध खेती का खुलासा किया है। पुलिस ने मक्का और तुअर की फसल के बीच लगाए गए 175 गांजे के पौधे जब्त किए हैं। इनका कुल वजन 39 किलो 800 ग्राम बताया गया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मुखबिर से मिली थी सूचना
पुलिस के मुताबिक 19 सितंबर को सूचना मिली थी कि ग्राम ढोढरामऊ निवासी प्रेमलाल काजले ने अपने खेत में बनी झोपड़ी के आसपास मक्का और तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे लगा रखे हैं। सूचना मिलते ही एसडीओपी शाहपुर सेफा हाशमी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी रामकुमार मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
175 गांजे के पौधे मिले
तलाशी के दौरान पुलिस को झोपड़ी के आसपास करीब 3 से 8 फीट ऊंचाई के 175 हरे गांजे के पौधे मिले। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर इनका कुल वजन 39 किलो 800 ग्राम निकला। पुलिस ने नियमानुसार सैंपल लेने के बाद बाकी गांजे को सीलबंद कर जब्त कर लिया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 56 हजार रुपये बताई गई है।
एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश
पुलिस ने भूमि स्वामी प्रेमलाल काजले के खिलाफ थाना बीजादेही में अपराध क्रमांक 68/2026 दर्ज किया है। उसके खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रेमलाल काजले को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में एसडीओपी सेफा हाशमी, थाना प्रभारी निरीक्षक रामकुमार मीणा, उपनिरीक्षक जीएस बिल्लौरे, प्रधान आरक्षक गजानंद, अरविंद राजपूत, आरक्षक सौरभ राजोरे सहित बीजादेही थाना बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसपी ने की लोगों से अपील
Betul News: पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की खेती, बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।






