इंदौर। Nishaanebaz.com-Rahul Gandhi Indore Visit Chaos: ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने शनिवार को इंदौर पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दौरे के दौरान एयरपोर्ट से लेकर शहर के प्रमुख चौराहों तक भारी राजनीतिक गहमागहमी और अव्यवस्था का माहौल देखने को मिला। इंदौर एयरपोर्ट पर राहुल गांधी का स्वागत करने पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच भारी भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात जेबकतरे ने कांग्रेस नेता सोहराब पटेल की जेब साफ कर दी।
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी दोपहर करीब 2:30 बजे जैसे ही इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे, वहां पहले से मौजूद नेताओं में उनके स्वागत की होड़ मच गई। इसी अफरा-तफरी के दौरान कांग्रेस नेता सोहराब पटेल की जेब से ₹8000 की नगदी उड़ा ली गई। पीड़ित नेता ने तुरंत मामले की सूचना वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों को दी और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। एयरपोर्ट से निकलकर रेडिसन होटल की ओर जाते समय बापट चौराहे पर भी समर्थकों की भारी भीड़ ने राहुल गांधी का काफिला रोक लिया, जिससे पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी धक्का-मुक्की की स्थिति निर्मित हो गई।
एक तरफ जहां कांग्रेस कार्यकर्ता अपने नेता की अगवानी में जुटे थे, वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी के इंदौर आगमन का कड़ा विरोध भी देखने को मिला। संसद में महिला आरक्षण विधेयक को लेकर बीजेपी और विभिन्न महिला संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संसद में महिला आरक्षण का विरोध किया था। महिलाओं ने रैली निकालकर रेडिसन होटल तक जाने का प्रयास किया, लेकिन भारी पुलिस बल ने उन्हें रास्ते में ही बैरिकेडिंग करके रोक दिया।
शहर में वीआईपी मूवमेंट, विरोध प्रदर्शन और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए इंदौर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। डीसीपी नरेंद्र रावत के नेतृत्व में चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोपहर 2 बजे से शहर के 13 प्रमुख चौराहों पर भारी वाहनों और सिटी बसों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। वहीं कार्यक्रम स्थल IDA ग्राउंड पर प्रवेश के लिए 4 मुख्य द्वार और 1 इमरजेंसी गेट बनाया गया है।







[…] Rahul Gandhi Indore Visit Chaos: इंदौर एयरपोर्ट पर राहुल ग… […]