Bhopal Crime: भोपाल। राजधानी में क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियार निर्माण और बिक्री के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। तलैया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी “फाइन शार्पिंग शॉप” नाम की दुकान की आड़ में हथियार बनाने का काम कर रहा था।
Bhopal Crime: 12 धारदार छुरियों समेत सामान जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 बड़ी धारदार लोहे की छुरियां, छुरी बनाने में इस्तेमाल होने वाली मूठ लगी 6 बिना धार की ब्लेड और 7 अन्य कच्ची ब्लेड बरामद की हैं। इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें और उपकरण भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक मौके से जमीन में स्थायी रूप से लगी बड़ी ग्राइंडर मशीन, धार लगाने वाली मशीन, ड्रिल मशीन, बड़ा कटर, हथौड़ी, निहाई और हैंड ग्राइंडर बरामद हुआ है।
मशीनों और अन्य सामग्री की भी जब्ती
Bhopal Crime: क्राइम ब्रांच ने मौके से 2 इलेक्ट्रिक मोटर, छैनी, आरी, प्लास और छुरियों की मूठ में लगने वाली करीब 50 रिवेट्स तथा फाइबर सामग्री भी जब्त की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कितने समय से इस गतिविधि में शामिल था और तैयार किए गए हथियार कहां सप्लाई किए जाते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास हथियार निर्माण और बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला। इसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1AA) के तहत मामला दर्ज किया गया है। क्राइम ब्रांच मामले में आरोपी से पूछताछ कर आगे की जानकारी जुटा रही है।






